महासमुंद/भंवरपुर। भंवरपुर में शनिवार देर शाम एक बड़ा हादसा टल गया। सरायपाली की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बलेनो कार पुरानी चौकी के पास तिराहा मार्ग पर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित तालाब में जा गिरी। हादसे के समय कार में दो लोग सवार थे। दोनों ने सूझबूझ और हिम्मत दिखाते हुए समय रहते कार के शीशे खोलकर बाहर निकलने में सफलता हासिल की और तैरकर सुरक्षित तालाब के किनारे पहुंच गए।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार कार सरायपाली की ओर से भंवरपुर की तरफ आ रही थी। पुरानी चौकी के पास तिराहे पर अचानक चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और कार सड़क से उतरकर सीधे तालाब में जा गिरी। कार के तालाब में गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
तालाब में गिरने के बाद कार कुछ ही देर में पानी में डूबने लगी। इस दौरान कार में सवार दोनों लोगों ने घबराने के बजाय समझदारी दिखाई और वाहन का शीशा खोलकर बाहर निकल आए। इसके बाद दोनों तैरते हुए सुरक्षित किनारे तक पहुंच गए। इस तरह उनकी सूझबूझ के चलते एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि कार में सवार दोनों व्यक्ति सरायपाली क्षेत्र के छुईपाली निवासी हैं। हादसे में दोनों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और तालाब में गिरी कार को देखने के लिए काफी देर तक लोगों का जमावड़ा लगा रहा।
तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Recent Comments