महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत बसना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस नाकाबंदी देखकर भागने का प्रयास कर रहे गांजा तस्करों ने पकड़े जाने के डर से कार में रखे गांजे और वाहन में आग लगा दी। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए कार का शीशा तोड़कर आग बुझाई और गांजे को पूरी तरह जलने से बचा लिया।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से काले रंग की वेगनआर कार क्रमांक MP 18 ZH 8555 तेज रफ्तार से बसना की ओर आ रही है। सूचना पर बसना थाना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने थाना बसना के सामने सड़क पर नाकाबंदी कर वाहनों की निगरानी शुरू की।
इसी दौरान संदिग्ध कार पुलिस नाकाबंदी देखकर अचानक वापस मुड़ी और तेज रफ्तार से भागने लगी। पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने कार का पीछा किया। कार चालक ने ग्राम चोरभट्ठी से मेदनीपुर जाने वाले मार्ग पर वाहन रोक दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से कार में रखी गांजे से भरी बोरियों में आग लगा दी और कार को लॉक कर भागने लगे।
पुलिस टीम ने पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया। आसपास मौजूद ग्रामीणों की मदद से कार का सामने का शीशा तोड़कर भीतर लगी आग बुझाई गई। इस दौरान एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
अधजली बोरियों से मिला 28.465 किलो गांजा
कार की तलाशी लेने पर डिक्की में रखी तीन अधजली प्लास्टिक बोरियों से कुल 28.465 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, इसकी अनुमानित कीमत 14 लाख 23 हजार 250 रुपये है।
पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा के बलांगीर निवासी विनोद राणा से गांजा खरीदकर अपने साथी शिवा सिंह के साथ शहडोल (मध्यप्रदेश) ले जा रहे थे। रास्ते में पुलिस को देखकर उन्होंने कार वापस मोड़कर भागने और पकड़े जाने के डर से गांजा व कार में आग लगाने का प्रयास किया।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
- सुलभ सिंह परिहार, पिता भारत सिंह परिहार, उम्र 29 वर्ष, निवासी छोटी घोरहटी, थाना नागौद, जिला सतना (मध्यप्रदेश)।
- सागर कुशवाहा, पिता मोतीलाल कुशवाहा, उम्र 25 वर्ष, निवासी कोनी टोला, थाना नागौद, जिला सतना (मध्यप्रदेश)।
वहीं शिवा सिंह निवासी शहडोल (मध्यप्रदेश) फरार बताया गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
18.53 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजे के अलावा कार और मोबाइल भी जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 18 लाख 53 हजार 250 रुपये बताई गई है।
- 28.465 किलो गांजा — ₹14,23,250
- काले रंग की वेगनआर कार MP 18 ZH 8555 — ₹4,00,000
- 2 मोबाइल फोन — ₹30,000
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, बलांगीर से गांजा लाकर शहडोल में खपाने की योजना को कार्रवाई के दौरान विफल कर दिया गया।


Recent Comments