कोमाखान थाना क्षेत्र के चंदरपुर गांव की घटना, तीन महिलाओं के जेवर लेकर गायब हुईं संदिग्ध महिलाएं; पुलिस ने दर्ज किया अपराध
महासमुंद। जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम चंदरपुर में सोने-चांदी के जेवरों की सफाई और नए डिजाइन तैयार कराने का झांसा देकर ठगी का मामला सामने आया है। दो अज्ञात महिलाओं ने कथित तौर पर तीन महिलाओं से करीब 2 लाख 99 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर ले लिए और वापस नहीं लौटे। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज एफआईआर के अनुसार, ग्राम चंदरपुर निवासी श्रीमती लीना साहू के घर 14 अक्टूबर 2026 को एक अज्ञात महिला पहुंची थी। महिला ने बताया कि वह पुराने और टूटे-फूटे टिन के बर्तन लेकर उनके बदले नए बर्तन बनाकर देती है। इसके लिए वह 50 रुपये मेकिंग चार्ज लेती है। उसकी बातों में आकर परिवार की महिलाओं ने उसे एक पुराना कुकर और टिन की तीन बोतलें दे दीं।
पहले लौटाए चांदी के जेवर, फिर जीता भरोसा
शिकायत के मुताबिक, 15 अक्टूबर को उक्त महिला अपनी एक अन्य साथी के साथ घर पहुंची और पुराने बर्तनों के बदले नया टिन का कड़ाही दिया। इसके बाद दोनों ने चांदी के जेवरों के डिजाइन कंप्यूटर से स्कैन कराकर बाहर भेजने और बदले में रुपये दिलाने की बात कही।
महिलाओं ने पहले चांदी की बिछिया ली और अगले दिन वापस कर दी। इसके बाद चांदी की पायल भी डिजाइन तैयार कराने के नाम पर ली गई, जिसे 17 अक्टूबर को वापस कर दिया गया। इस दौरान दोनों महिलाओं ने उपहार के रूप में एक टिफिन, एक कुकर और 500 रुपये नकद भी दिए। इससे परिवार की महिलाओं का उन पर भरोसा बढ़ गया।
40 हजार रुपये मिलने का दिया लालच
एफआईआर के अनुसार, 17 अक्टूबर को दोनों महिलाएं फिर घर पहुंचीं और बेहतर डिजाइन वाले सोने-चांदी के जेवर देने पर कंप्यूटर से स्कैन कर वापस करने का आश्वासन दिया। इसके एवज में प्रत्येक महिला को 40-40 हजार रुपये मिलने की बात कही गई।
उनकी बातों में आकर लीना साहू, उनकी सास सुकवारो बाई और देवरानी पूनम साहू ने अपने सोने-चांदी के जेवर दोनों महिलाओं को सौंप दिए। शिकायत में इन जेवरों की कुल कीमत करीब 2 लाख 99 हजार रुपये बताई गई है।
तीन महिलाओं के जेवर लेकर हुईं गायब
शिकायत के मुताबिक, लीना साहू ने सोने के 10 लॉकेट, एक जोड़ी सोने की बाली और चांदी की एक बड़ी पायल दी। उनकी सास ने सोने के लॉकेट, एक जोड़ी टॉप्स और चांदी की ऐंठी सौंपी। वहीं, देवरानी पूनम साहू ने सोने के झुमके, आठ लॉकेट और चांदी का हाफ करधन दिया।
दोनों अज्ञात महिलाएं जेवर लेकर चली गईं। परिवार को उम्मीद थी कि वे जल्द ही जेवर वापस कर देंगी, लेकिन इंतजार के बाद भी वे नहीं लौटीं। इसके बाद परिवार से चर्चा कर लीना साहू ने 20 अक्टूबर 2026 को कोमाखान थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(3), 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। एफआईआर में दोनों महिलाओं को अज्ञात बताया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक धर्मेश कुमार मरकाम कर रहे हैं।
सावधानी जरूरी: इस तरह घर पहुंचकर बर्तन बदलने, गहनों की सफाई करने या डिजाइन बनवाने के नाम पर अनजान लोगों पर भरोसा करने से बचें। किसी भी व्यक्ति को सोने-चांदी के जेवर सौंपने से पहले उसकी पहचान और संबंधित काम की विश्वसनीयता की पुष्टि जरूर करें।


Recent Comments