तेंदूकोना में मोटर वाइंडिंग दुकान का ताला तोड़कर चोरी, 1.61 लाख रुपये का कॉपर तार पार
महासमुंद। जिले के तेंदूकोना में अज्ञात चोर ने मोटर वाइंडिंग की दुकान का ताला तोड़कर कॉपर तार और नकदी चोरी कर ली। चोरी गए सामान की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 61 हजार 500 रुपये बताई गई है। दुकान संचालक की शिकायत पर तेंदूकोना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, ग्राम टुरीझर निवासी जीवन साहू की तेंदूकोना में मेन रोड पर पेट्रोल पंप के पास साहू मोटर वाइंडिंग नाम से दुकान है। जीवन साहू ने बताया कि 24 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6 बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन 25 अक्टूबर की सुबह करीब 8:40 बजे दुकान खोलने पहुंचे, तो दुकान का ताला टूटा हुआ मिला।
दुकान के अंदर जांच करने पर कॉपर तार और गल्ले में रखी नकदी गायब मिली। शिकायतकर्ता के अनुसार, चोर करीब 100 किलोग्राम पुराना रिवाइंडिंग कॉपर तार, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 30 हजार रुपये है, तथा 20 किलोग्राम नया कॉपर तार, जिसकी कीमत करीब 31 हजार रुपये बताई गई है, ले गए। इसके अलावा गल्ले से 500 रुपये नकद भी चोरी हुए हैं।
इस तरह चोरी गए सामान और नकदी की कुल अनुमानित कीमत 1,61,500 रुपये बताई गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद दुकान संचालक ने तेंदूकोना थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने FIR क्रमांक 0141/26 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी की पहचान और चोरी गए कॉपर तार की बरामदगी को लेकर जांच जारी है।
वेबमोर्चा | कल की बात आज


Recent Comments