महासमुंद। मां को मिलने वाली पेंशन के बंटवारे को लेकर दो भाइयों के बीच शुरू हुआ विवाद इस कदर बढ़ गया कि मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया। जिस मां की पेंशन परिवार के सदस्यों के बीच विवाद की वजह बनी, उसी मां के सामने एक बेटे ने दूसरे बेटे और अपने ही भतीजे पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में छोटे भाई और भतीजे को चोटें आई हैं। मामले में महासमुंद सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़े भाई के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 29 अक्टूबर की रात महासमुंद शहर के वार्ड नंबर 21 सुभाष नगर की है। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, परिवार में मां सरस्वती सेन को मिलने वाली पेंशन के बंटवारे को लेकर पहले भी विवाद हुआ था। छोटे भाई पूर्णेन्द्र सेन का आरोप है कि उसका बड़ा भाई सितेश सेन इस बात से नाराज था कि मां की पेंशन का पूरा पैसा उसे दिया जा रहा है, जबकि उसे एक भी रुपया नहीं मिल रहा है।
बताया गया है कि 29 अक्टूबर को भी इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हुई थी। हालांकि, उस समय परिवार के सदस्यों ने आपस में मामला सुलझा लिया था। लेकिन रात करीब 10:30 बजे जब पूर्णेन्द्र सेन अपने घर पहुंचा, तब उसका बड़ा भाई सितेश सेन वहां मौजूद था।
एफआईआर में दर्ज शिकायत के अनुसार, पूर्णेन्द्र को देखते ही सितेश ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अपने पास रखे चाकू से उस पर हमला कर दिया। इस दौरान पूर्णेन्द्र के दाहिने हाथ में चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे भतीजे विकास सेन पर भी चाकू से वार किया गया, जिससे उसके होंठ के नीचे चोट लगी और खून निकलने लगा।
घटना के समय घर में मां सरस्वती सेन और भतीजी मेघा सेन भी मौजूद थीं। दोनों ने घटनाक्रम देखा और सुना। परिवार के भीतर पेंशन को लेकर शुरू हुआ विवाद इस तरह हिंसक रूप ले लेगा, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी।
पूर्णेन्द्र सेन की रिपोर्ट पर महासमुंद सिटी कोतवाली पुलिस ने 30 अक्टूबर की रात दर्ज प्राथमिकी के आधार पर आरोपी सितेश सेन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(1) और 296 के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक बसंत पाणिग्रही कर रहे हैं।
मां की पेंशन के कुछ रुपयों को लेकर परिवार में पैदा हुई कड़वाहट ने रिश्तों को ही लहूलुहान कर दिया। जिस घर में मां और बेटों के बीच अपनापन होना चाहिए था, वहां विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।


Recent Comments