महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में शनिवार सुबह बागबाहरा के समीप नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। मरीज को लेकर ओडिशा जा रही एक एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना जबरदस्त था कि एंबुलेंस में सवार दो महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस महासमुंद अस्पताल से मरीज को लेकर ओडिशा की ओर जा रही थी। इसी दौरान बागबाहरा के पास चालक एंबुलेंस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क पर खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसा।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में दो महिलाओं की जान चली गई, वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटना के कारणों और मृतकों एवं घायलों की पहचान सहित अन्य विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। एंंबुलेेंस ड्रायवर को फरार बताया जा रहा है।
नोट: मृतकों और घायलों की पहचान तथा हादसे के आधिकारिक विवरण की पुष्टि होने के बाद खबर को अपडेट किया जाएगा।


Recent Comments