गरियाबंद। जनपद पंचायत छुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत मुढ़ीपानी के मैनेजर पारा से जिड़ार गांव को जोड़ने वाला मुख्य कच्चा मार्ग इन दिनों ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। दीपावली से पहले सड़क सुधार के नाम पर मार्ग पर मुरूम तो डलवा दिया गया, लेकिन पखवाड़ेभर बीत जाने के बाद भी उसे फैलाकर सड़क को समतल नहीं किया गया है। सड़क पर जगह-जगह पड़े मुरूम के बड़े-बड़े ढेर अब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन गए हैं।
सड़क सुधार के नाम पर बढ़ गई ग्रामीणों की परेशानी
ग्रामीणों के मुताबिक, दीपावली से ठीक पहले सड़क के समतलीकरण के लिए मुरूम गिराया गया था। उम्मीद थी कि त्योहार से पहले रास्ते को दुरुस्त कर दिया जाएगा, लेकिन जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते काम अधूरा ही छोड़ दिया गया। नतीजा यह है कि सड़क के बीचों-बीच पड़े मुरूम के ढेर आवागमन में बाधा बन रहे हैं।
इस मार्ग से दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ पैदल राहगीरों का भी आना-जाना लगा रहता है। मुरूम के असमान ढेरों के कारण वाहन चालकों को संतुलन बनाने में परेशानी हो रही है। थोड़ी सी लापरवाही वाहन फिसलने या दुर्घटना का कारण बन सकती है।

1070 की आबादी, लेकिन सड़क की बदहाली से ग्रामीण त्रस्त
बताया गया है कि मुढ़ीपानी पंचायत क्षेत्र की आबादी लगभग 1070 है। ऐसे में यह मार्ग ग्रामीणों के दैनिक आवागमन के लिहाज से महत्वपूर्ण है। सड़क की मौजूदा स्थिति से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, किसानों और अन्य राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने सरपंच-सचिव की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
स्थानीय ग्रामीण रामनाथ, प्यारेलाल, संतराम और भुवनेश ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि त्योहार से पहले सड़क सुधारने की बात कहकर मुरूम तो गिरा दिया गया, लेकिन उसे फैलाकर रास्ता ठीक करने की जिम्मेदारी किसी ने नहीं निभाई। पखवाड़ेभर से मुरूम के ढेर उसी स्थिति में पड़े हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रोजाना इस मार्ग से गुजरना जोखिम भरा हो गया है।
ग्रामीणों ने पंचायत के जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और सचिव की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अधूरे काम को जल्द पूरा कराने की मांग की है।
अब जिम्मेदारों की जवाबदेही का इंतजार
सवाल यह है कि जब सड़क सुधार के लिए मुरूम डलवाया गया था, तो उसे व्यवस्थित तरीके से फैलाकर सड़क का समतलीकरण क्यों नहीं कराया गया? क्या पंचायत स्तर पर काम की निगरानी नहीं की गई? ग्रामीणों की मांग है कि सड़क पर पड़े मुरूम को तत्काल फैलाकर मार्ग को आवागमन के योग्य बनाया जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
अब देखना होगा कि पंचायत के जिम्मेदार इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हैं और ग्रामीणों को इस बदहाल मार्ग से कब राहत मिलती है।


Recent Comments