लोहारकोट, सांकरा और पिरदा केंद्र पहुंचे विनय लंगेह, किसानों से चर्चा कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
महासमुंद, 19 नवंबर 2026। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के साथ ही जिले में खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं पर प्रशासन की निगरानी बढ़ गई है। किसानों को धान बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो, इसे लेकर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। गुरुवार को उन्होंने पिथौरा विकासखंड के लोहारकोट, सांकरा एवं पिरदा धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खरीदी केंद्रों में धान खरीदी की स्थिति, किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, बारदाने की उपलब्धता, तौल व्यवस्था, टोकन प्रणाली और धान के सुरक्षित रखरखाव की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप खरीदी कार्य पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी से संचालित करने के निर्देश दिए।
अब तक जिले में 14 हजार 307 क्विंटल धान की खरीदी
जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य जारी है। अब तक जिले में कुल 14 हजार 307 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।

किसानों से सीधे चर्चा कर जानी समस्याएं
कलेक्टर विनय लंगेह ने खरीदी केंद्रों में धान बेचने पहुंचे किसानों से सीधे बातचीत की। उन्होंने किसानों से टोकन प्राप्त करने, धान की तौल और भुगतान संबंधी प्रक्रिया में आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी ली। किसानों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।
तौल, नमी परीक्षण और बारदाने की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
कलेक्टर ने केंद्र प्रभारियों को धान की गुणवत्ता एवं नमी का परीक्षण निर्धारित मापदंडों के अनुसार करने, तौल में पूरी पारदर्शिता बरतने तथा किसानों को उनकी उपज की सही मात्रा के अनुसार रसीद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीनों एवं अन्य उपकरणों को चालू हालत में रखने पर जोर दिया।
उन्होंने खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए पेयजल, छायादार बैठने की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। धान की आवक एवं उठाव पर भी नियमित निगरानी रखने को कहा, ताकि केंद्रों में अनावश्यक धान का जमाव न हो और खरीदी कार्य प्रभावित नहीं हो।

कृषक उन्नति योजना की दी जानकारी
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किसानों को शासन की कृषक उन्नति योजना के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत रकबा के आधार पर राशि प्रदान की जाएगी। प्रति एकड़ 13,839 रुपये की राशि का प्रावधान बताया गया। उन्होंने किसानों को योजना के लाभ एवं प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि शासन किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
अवैध धान की आवक पर रहेगी विशेष निगरानी
कलेक्टर ने अवैध धान की आवक पर विशेष निगरानी रखने तथा संदिग्ध मामलों में नियमानुसार जांच एवं कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शासन की महत्वपूर्ण व्यवस्था है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता अथवा किसानों को अनावश्यक परेशानी स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से खरीदी केंद्रों का निरीक्षण करने तथा प्रतिदिन खरीदी, टोकन, धान की आवक और उठाव की स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए।


Recent Comments