Homeछत्तीसगढ़महासमुंद: अवैध महुआ शराब पर रेड करने पहुंची आबकारी टीम को बनाया...

महासमुंद: अवैध महुआ शराब पर रेड करने पहुंची आबकारी टीम को बनाया बंधक, लाठी-डंडे और पत्थरों से हमला; सरकारी वाहन खेत में पलटा

बागबाहरा। ग्राम बोकरामुड़ा खुर्द में अवैध महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार्रवाई के दौरान महिलाओं और पुरुषों ने आबकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। शासकीय दस्तावेज फाड़ दिए गए, आबकारी उप निरीक्षक की वर्दी भी फाड़ दी गई तथा टीम के सदस्यों को बंधक बना लिया गया। इतना ही नहीं, बोलेरो वाहन को धक्का देकर खेत में गिरा दिया गया और उसमें मौजूद एक व्यक्ति को बाहर निकालकर लाठी-डंडों से पीटा गया।

मामले में आबकारी उप निरीक्षक आनंद स्वर्णकार की लिखित शिकायत पर थाना बागबाहरा में खेमबती मांझी, दसोबाई मांझी सहित नौ नामजद आरोपियों और अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।

मुखबिर की सूचना पर पहुंची थी आबकारी टीम

आबकारी उप निरीक्षक आनंद स्वर्णकार के अनुसार, 28 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बोकरामुड़ा खुर्द के देहानी पारा में दसोबाई मांझी अवैध रूप से महुआ शराब का निर्माण और बिक्री कर रही है। सूचना पर वे आबकारी आरक्षक सौरभ सिंह सेन, महिला आरक्षक नागेश्वरी ठाकुर, गार्ड जागेश्वर साहू और वाहन चालक भूपेश कुमार नायक के साथ शासकीय अधिग्रहित बोलेरो वाहन क्रमांक CG 04 PZ 3523 से कार्रवाई के लिए रवाना हुए। बागबाहरा स्थित शासकीय प्रीमियम मदिरा दुकान के सेल्समेन ललित राजपूत को भी टीम के साथ लिया गया था।

घर और बाड़ी से मिला महुआ शराब का पास

शिकायत के मुताबिक, टीम जब दसोबाई मांझी के मकान पहुंची तो वहां तीन-चार व्यक्ति शराब पी रहे थे, जो टीम को देखकर भाग गए। तलाशी के दौरान कमरे में एक प्लास्टिक जरीकेन में करीब एक लीटर महुआ शराब और एक लोटे में लगभग आधा लीटर शराब मिली। इसके बाद बाड़ी में तलाशी लेने पर 20 लीटर क्षमता वाले चार प्लास्टिक जरीकेन में महुआ शराब का पास भरा हुआ मिला।

आबकारी टीम दसोबाई मांझी के खिलाफ अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री के संबंध में कार्रवाई करते हुए दस्तावेजी कार्यवाही कर रही थी। इसी दौरान दसोबाई की देवरानी खेमबती मांझी पर शासकीय दस्तावेज फाड़ने और दसोबाई पर जरीकेन एवं लोटे में रखी शराब फेंकने का आरोप लगाया गया है।

सेल्समेन से मारपीट, आबकारी उप निरीक्षक की वर्दी फाड़ी

आवेदन में बताया गया है कि मौके पर पहुंचे कुछ लोगों ने आबकारी टीम से मुखबिर की जानकारी देने वाले व्यक्ति का नाम पूछते हुए विवाद शुरू कर दिया। इसी दौरान उनके साथ गए सेल्समेन ललित राजपूत पर मुखबिरी का आरोप लगाकर मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे आबकारी उप निरीक्षक आनंद स्वर्णकार के साथ भी मारपीट की गई और उनकी वर्दी फाड़ दी गई। इस दौरान कंधे पर लगे दोनों स्टार भी गिर गए।

आरक्षक सौरभ सिंह सेन ने बीच-बचाव किया तो उनके साथ भी झूमाझटकी किए जाने की बात शिकायत में कही गई है।

गांव के लोगों को बुलाकर किया हमला, वाहन खेत में गिराया

शिकायत के अनुसार, विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गांव के ब्रम्हा गोंड़, विष्णुगोंड़, लक्ष्मण मांझी, जयकुमार मिर्धा, लक्ष्मण गोंड़, बसटोमो गोंड़, नेतराम गोंड़ और कुलेश्वर गोंड़ सहित अन्य लोगों को बुला लिया। आरोप है कि भीड़ ने वाहन में तोड़फोड़ और आग लगाने की धमकी दी तथा बोलेरो को हिलाने लगी।

स्थिति बिगड़ने पर चालक भूपेश नायक वाहन को पीछे हटाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाने का प्रयास कर रहा था, तभी लोगों ने वाहन को धक्का देकर खेत में गिरा दिया। इसके बाद वाहन में बैठे ललित राजपूत को बाहर निकालकर लाठी-डंडों से मारपीट की गई। आबकारी उप निरीक्षक पर भी लाठी-डंडे और पत्थर फेंककर हमला करने का आरोप है।

महिला आरक्षक सहित स्टाफ को बनाया बंधक, 112 को दी सूचना

आवेदन में आगे बताया गया है कि आबकारी उप निरीक्षक जब अपने अन्य कर्मचारियों के पास पहुंचे तो खेमबती मांझी, दसोबाई मांझी सहित अन्य महिला और पुरुषों ने आरक्षक सौरभ सिंह सेन एवं महिला आरक्षक नागेश्वरी ठाकुर को घेरकर बंधक बना रखा था। आरोप है कि इसके बाद उप निरीक्षक को भी बंधक बना लिया गया और सभी को जान से मारने की धमकी दी गई।

स्थिति गंभीर होने पर वाहन चालक भूपेश नायक ने डायल 112 पर फोन कर घटना की सूचना दी। कुछ देर बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आबकारी विभाग के कर्मचारियों को भीड़ से छुड़ाया।

इन धाराओं के तहत अपराध दर्ज

पुलिस ने आवेदन के अवलोकन के बाद खेमबती मांझी, दसोबाई मांझी, ब्रम्हा गोंड़, विष्णुगोंड़, लक्ष्मण मांझी, जयकुमार मिर्धा, लक्ष्मण गोंड़, बसटोमो गोंड़, नेतराम गोंड़, कुलेश्वर गोंड़ एवं अन्य लोगों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 191(3), 190, 132, 121(1), 127(2), 126(2), 296, 115(2), 221, 351(3), 324(3), 324(4), 238(ग), 241 तथा लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि विवेचना और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments