महासमुंद। कोमाखान क्षेत्र के ग्राम बिडोरा में मंगलवार सुबह भालू के हमले से दहशत फैल गई। यहां दो ग्रामीणों पर भालू ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7 बजे दान बाई ठाकुर (60) पति भारत ठाकुर जब तालाब किनारे कचरा फेंकने गई थीं, तभी भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके सिर और कमर पर गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, छबिलाल साहू (55) पिता फगवा राम साहू जब अपने खेत बाइक से जा रहे थे, तभी भालू ने उन पर भी हमला कर दिया। भालू के वार से उनके कूल्हे में गंभीर चोट लगी है।
दोनों घायलों को तत्काल बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
ग्रामीणों के मुताबिक, क्षेत्र में लगभग 5 भालुओं का झुंड देखा गया है, जिनके साथ छोटे बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले भी भालुओं ने बच्चों को दौड़ाया था, जिससे गांव में दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है, हालांकि विभागीय टीम के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया।
👉 ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई और भालुओं को पकड़ने की मांग की है।
हमसे जुड़े
https://www.facebook.com/webmorcha
https://www.instagram.com/webmorcha/


Recent Comments