Homeछत्तीसगढ़चलती ट्रेन में चढ़ना पड़ा भारी: दुर्ग स्टेशन पर ओरिएंटल इंश्योरेंस के...

चलती ट्रेन में चढ़ना पड़ा भारी: दुर्ग स्टेशन पर ओरिएंटल इंश्योरेंस के क्षेत्रीय प्रबंधक की दर्दनाक मौत, CCTV में कैद हुआ हादसा

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक की जान चली गई। रायपुर कार्यालय जाने के लिए ट्रेन पकड़ने पहुंचे अधिकारी चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे, तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और वे प्लेटफॉर्म तथा ट्रेन के बीच गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, 58 वर्षीय संदीप कुमार सिन्हा दुर्ग के कर्मचारी नगर के निवासी थे और रायपुर स्थित ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी में क्षेत्रीय प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। वे रोज की तरह सुबह रायपुर जाने के लिए दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर खड़ी 22845 पुणे-हटिया एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान उनका पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ते ही वे ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच जा गिरे। हादसे में उनका दाहिना पैर ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

CCTV में कैद हुआ पूरा हादसा

घटना के तुरंत बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने रेलवे अधिकारियों और जीआरपी को सूचना दी। रेलवे कर्मचारियों और जीआरपी की टीम ने तत्काल उन्हें दुर्ग जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण चिकित्सक उनकी जान नहीं बचा सके। हादसे की पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। वीडियो सामने आने के बाद यह घटना लोगों को झकझोर रही है और रेलवे सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

जीआरपी ने शुरू की जांच

जीआरपी चौकी प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास के दौरान पैर फिसलने से यह हादसा हुआ। पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

वीडियो देखें: चलती ट्रेन में चढ़ने की एक छोटी-सी चूक किस तरह जानलेवा साबित हुई, इसकी पूरी घटना स्टेशन के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments