भाटापारा। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के निपानिया स्थित रियल इस्पात स्पंज आयरन फैक्ट्री में गुरुवार सुबह एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। इस दर्दनाक हादसे में 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।
कोल कीलन में ब्लास्ट से हुआ हादसा
यह घटना सुबह करीब 9:30 से 9:40 बजे के बीच थाना भाटापारा ग्रामीण क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बकुलाही स्थित रियल इस्पात स्टील प्लांट में हुई। जानकारी के अनुसार, डीएससी कोल कीलन में अचानक ब्लास्ट हो गया। उस समय कीलन के आसपास प्लेटफॉर्म पर सफाई कार्य चल रहा था। ब्लास्ट के बाद गर्म कोयले की चपेट में आने से वहां काम कर रहे 6 श्रमिकों को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
गंभीर घायलों को भेजा गया बिलासपुर
हादसे में गंभीर रूप से घायल 5 मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज नजदीकी अस्पताल में जारी है। हालांकि प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि अभी की जा रही है।
प्रशासन और पुलिस मौके पर, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर दीपक सोनी और पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता सहित जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। हालात का जायजा लेने के बाद प्रशासन ने एसडीएम की अध्यक्षता में जांच समिति गठित कर दी है और घटना की विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
फैक्ट्री सील, प्रबंधन से पूछताछ
सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका को देखते हुए रियल इस्पात प्लांट को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। साथ ही प्लांट प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है। ब्लास्ट के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
मृतक और घायल दूसरे राज्यों के निवासी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में मृतक और घायल सभी मजदूर अन्य राज्यों के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को सूचना देने और आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने की कार्रवाई की जा रही है।



















