धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के वनांचल क्षेत्र में शुक्रवार देर रात तेंदुआ के हमले से दहशत फैल गई। नगरी विकासखंड के बिरगुड़ी वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम कर्राघाटी में एक तेंदुआ घर में घुस गया और सो रहे दो ग्रामीणों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने तेंदुए को घेरकर पीट-पीटकर मार डाला।
जानकारी के अनुसार, देर रात ग्रामीण धरम नेताम और गांधी नेताम अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान एक तेंदुआ घर में घुस आया और दोनों पर अचानक हमला कर दिया। हमले के दौरान दोनों ग्रामीणों ने बचाव का प्रयास किया और काफी देर तक तेंदुए से संघर्ष चलता रहा।
ग्रामीणों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख तेंदुआ पास के एक अन्य घर में जा छिपा। इसके बाद ग्रामीणों ने घायलों को तत्काल नगरी के सिविल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार एक ग्रामीण की हालत गंभीर थी, लेकिन समय पर उपचार मिलने से अब दोनों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने तेंदुए को घेर लिया और उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विभाग ने तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम कराकर नियमानुसार अंतिम संस्कार कराया तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
नगरी क्षेत्र घने जंगलों से घिरा हुआ है और यहां जंगली जानवरों की आवाजाही अक्सर होती रहती है। पिछले कुछ वर्षों में वन्यजीवों के हमलों की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इस ताजा घटना के बाद कर्राघाटी समेत आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और वन्यजीवों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने की मांग की है।


Recent Comments