महासमुंद | छत्तीसगढ़ में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और सांकरा पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने उन खूंखार गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्होंने तस्करी के दौरान पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किया था और ड्यूटी पर तैनात जवानों को वाहन से कुचलने की कोशिश की थी।
पुलिस वाहन में लगी भीषण आग
यह सनसनीखेज घटना 23 जनवरी 2026 की है। सांकरा पुलिस को सूचना मिली थी कि एक मारुति सुजुकी ईको कार (MP05 ZE 8685) में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है।
नेशनल हाईवे पर घेराबंदी के दौरान तस्करों ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और पुलिस कर्मियों को कुचलने का प्रयास किया। इसी दौरान तस्करों की कार अनियंत्रित होकर पुलिस की गाड़ी से टकरा गई, जिससे पुलिस वाहन में भीषण आग लग गई और वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
आरोपी मौके का फायदा उठाकर गाड़ी छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस ने घटनास्थल से 39.680 किलोग्राम गांजा बरामद किया।
मध्यप्रदेश से हुई गिरफ्तारी
घटना के बाद पुलिस ने टेक्निकल डेटा एनालिसिस और सूक्ष्म जांच के जरिए आरोपियों का सुराग लगाया। ANTF की विशेष टीम ने मध्यप्रदेश में दबिश देकर दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया—
राकेश चौकसे (चालक) – निवासी नरसिंहपुर, मध्यप्रदेश
मोनू राय (वाहन स्वामी) – निवासी होशंगाबाद, मध्यप्रदेश
पुलिस के अनुसार, मोनू राय इस तस्करी गिरोह का फॉरवर्ड लिंक है, जो पिछले डेढ़ साल से गांजा की पुड़िया बनाकर बिक्री का नेटवर्क चला रहा था।

ANTF की बड़ी कार्रवाई: ₹10.73 करोड़ का गांजा जब्त
नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने वर्ष 2026 के शुरुआती महीनों में ही ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। अब तक टास्क फोर्स ने—
30 प्रकरण दर्ज किए
2152.981 किलोग्राम अवैध गांजा और अन्य नशीली दवाएं जब्त कीं
कुल बाजार कीमत ₹10,73,89,995 (10 करोड़ 73 लाख रुपये से अधिक) आंकी गई है
गिरफ्तारी का विवरण
जब्त गांजा: 39.680 किलोग्राम (कीमत लगभग ₹19.84 लाख)
जब्त वाहन: मारुति सुजुकी ईको (कीमत लगभग ₹8 लाख)
मुख्य आरोपी: राकेश चौकसे और मोनू राय (मध्यप्रदेश)
लागू धाराएं: NDPS एक्ट एवं हत्या के प्रयास की सुसंगत धाराएं
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।















