धान खरीदी में गड़बड़ी पर प्रशासन सख्त, राइस मिल में भौतिक सत्यापन के दौरान भी मिली कमी
महासमुंद | 20 नवंबर 2026
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के साथ ही महासमुंद जिले में अवैध धान भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। 19 और 20 नवंबर को जिले के विभिन्न तहसीलों में संयुक्त टीमों ने जांच अभियान चलाकर कई स्थानों से अवैध धान एवं चावल जब्त किया। इनमें कोमाखान स्थित राइस मिल में भौतिक सत्यापन के दौरान बड़ी मात्रा में धान और चावल की जब्ती भी शामिल है।
कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें लगातार जांच कर रही हैं। प्रशासन का उद्देश्य धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना और अवैध भंडारण एवं परिवहन पर अंकुश लगाना है।

19 नवंबर को तीन स्थानों पर कार्रवाई
19 नवंबर को तहसील महासमुंद के ग्राम सरेकेल में कृषक भूषण साहू के पास 103 पैकेट अवैध धान पाए जाने पर मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई की गई।
सरायपाली तहसील के ग्राम मलदामाल में वासुदेव भोई के गोदाम से लगभग 550 कट्टा रबी फसल का धान जब्त कर थाना सिंघोड़ा को सुपुर्द किया गया।
वहीं पिथौरा तहसील के ग्राम भुरकोनी स्थित कामेश्वरी ट्रेडर्स से 280 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया।

कोमाखान राइस मिल में 4,412 कट्टा धान और 1,160 कट्टा चावल जब्त
20 नवंबर को कोमाखान स्थित मेसर्स गुरुदेव इंडस्ट्रीज राइस मिल में भौतिक सत्यापन के दौरान स्टॉक में कमी पाए जाने पर कार्रवाई की गई। जांच के दौरान कुल 4,412 कट्टा धान एवं 1,160 कट्टा चावल जब्त किया गया।
यह कार्रवाई धान खरीदी व्यवस्था में स्टॉक सत्यापन और अनियमितताओं पर प्रशासन की सख्ती को दर्शाती है।

बसना, कोमाखान और महासमुंद में भी जब्ती
बसना तहसील के ग्राम जलकोट में बसंत प्रधान पिता डमरूधर प्रधान के पास 51 पैकेट अवैध धान मिलने पर मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई की गई।
कोमाखान तहसील के ग्राम बोड़रीदादर में सरोज चंद्राकर पति नरेश चंद्राकर के गोदाम से 200 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया।
इसके अलावा ग्राम बम्हनी में खिलावन यादव के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया। संयुक्त दल ने यहां 132 कट्टा अवैध धान जब्त किया।
इस कार्रवाई में तहसीलदार महासमुंद संतोष धुर्वे, मंडी सचिव पूरनसिंह कश्यप, खाद्य निरीक्षक सुशील शर्मा तथा मंडी उपनिरीक्षक अखिलेश राठिया शामिल रहे।

अवैध भंडारण और परिवहन पर जारी रहेगी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध भंडारण एवं परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
प्रशासन किसानों के हितों की रक्षा और धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है।
वेबमोर्चा | कल की बात आज


Recent Comments