खल्लारी पुलिस के जमानत विरोध आवेदन पर जिला एवं सत्र न्यायालय महासमुंद की कार्रवाई, साक्षियों को डराने-धमकाने की आशंका बनी प्रमुख आधार
महासमुंद, 20 नवंबर 2026। वन विभाग की गश्ती टीम को बंधक बनाकर मारपीट करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में न्यायालय ने 10 आरोपियों की जमानत निरस्त कर दी है। पुलिस द्वारा जमानत निरस्तीकरण के लिए प्रस्तुत आवेदन पर जिला एवं सत्र न्यायालय महासमुंद ने आरोपियों की जमानत रद्द की। इसके बाद गिरफ्तारी वारंट तामील कर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वन गश्ती दल को चार घंटे तक बनाया था बंधक
पुलिस के अनुसार घटना 6 अक्टूबर 2026 की है। आमाकोनी वन परिक्षेत्र के वन कक्ष क्रमांक 95 एवं 96, ग्राम तमोरा में गश्त के दौरान वनकर्मियों के साथ विवाद हुआ। आरोप है कि आरोपियों ने गश्ती दल पर हमला कर शाम लगभग 7:30 बजे से रात 11:30 बजे तक बंधक बनाए रखा।
इस दौरान वनकर्मियों के साथ अश्लील गाली-गलौज, लाठी-डंडों से मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
खल्लारी थाने में दर्ज हुआ था अपराध
वनकर्मी नवीन वर्मा पिता स्व. डोमार सिंह वर्मा, उम्र 30 वर्ष, निवासी वन परिक्षेत्र कार्यालय बागबाहरा ने 7 अक्टूबर को थाना खल्लारी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 114/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
पहले मिली थी अंतरिम जमानत
विवेचना के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई थी। इसके बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया था। मामले में प्रथम न्यायिक मजिस्ट्रेट महासमुंद द्वारा आरोपियों को शर्तों के अधीन अंतरिम प्रोविजनल जमानत दी गई थी।
पुलिस ने मामले की विवेचना प्रभावित होने और साक्षियों को डराने-धमकाने की आशंका जताते हुए जमानत निरस्त करने के लिए न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया।
न्यायालय ने जमानत निरस्त कर जारी किया गिरफ्तारी वारंट
पुलिस के जमानत विरोध आवेदन पर जिला एवं सत्र न्यायालय महासमुंद ने आरोपियों की जमानत निरस्त कर दी। इसके बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी पारुल साय, महासमुंद द्वारा आरोपियों के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया।
20 नवंबर को वारंट तामील कर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- श्रीमती लक्ष्मी ध्रुव, उम्र 35 वर्ष
- श्रीमती टेमिन बाई, उम्र 57 वर्ष
- श्रीमती कलाबाई, उम्र 56 वर्ष
- श्रीमती लक्ष्मी बाई, उम्र 29 वर्ष
- प्रदीप ध्रुव, उम्र 38 वर्ष
- सुखराम, उम्र 45 वर्ष
- गणेश, उम्र 39 वर्ष
- चंदन, उम्र 36 वर्ष
- संतकुमार, उम्र 48 वर्ष
- श्रीमती लक्ष्मी, उम्र 30 वर्ष
सभी आरोपी ग्राम तमोरा, थाना खल्लारी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस का सख्त संदेश
पुलिस के अनुसार शासकीय कर्मचारियों पर हमला, उन्हें बंधक बनाना, सरकारी कार्य में बाधा डालना तथा साक्षियों को प्रभावित करने की कोशिश जैसे मामलों में कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वेबमोर्चा | कल की बात आज


Recent Comments