महासमुंद, 18 जून 2026। कोमाखान पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए टेमरी जांच नाका में वाहन चेकिंग के दौरान 17.5 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने मामले में मध्यप्रदेश के रहने वाले एक पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की कीमत करीब 8.75 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 17 जून को टेमरी जांच नाका में वाहन जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा की ओर से एक सफेद रंग की टाटा इंडिका कार क्रमांक MP 04 CB 0848 में अवैध गांजा लेकर महासमुंद की ओर जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।
बागबाहरा में दर्दनाक सड़क हादसा: 23 वर्षीय युवक की मौत, पिकअप और ट्रक चालक पर मामला दर्ज
वाहन की तलाशी लेने पर कार की डिक्की में रखी एक प्लास्टिक बोरी से खाकी रंग के प्लास्टिक टेप में लिपटे 17 पैकेट बरामद हुए। जांच और तौल के दौरान इनमें कुल 17.500 किलोग्राम गांजा पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 8 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई।
पुलिस ने मौके से कार चालक दिनेश गिरी गोस्वामी (35 वर्ष), निवासी जाखनोद, थाना पोहरी, जिला शिवपुरी (मध्यप्रदेश) तथा कार में सवार ललिता जाटव (27 वर्ष), निवासी धुवानी, थाना सुरवाया, जिला शिवपुरी (मध्यप्रदेश) को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी दिनेश गिरी गोस्वामी ने कथित रूप से बताया कि उसने गांजा उड़ीसा के भवानीपटना क्षेत्र से खरीदा था और उसे मध्यप्रदेश ले जाकर खुदरा बिक्री करने की योजना थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा प्रयुक्त टाटा इंडिका कार तथा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
जप्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 9 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ थाना कोमाखान में धारा 20(B)(II)(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


Recent Comments