रायपुर, 14 जून। छत्तीसगढ़ सरकार के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रदेश के विभिन्न नगर पालिका एवं नगर पंचायतों में पदस्थ मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (CMO) का बड़े पैमाने पर तबादला किया है। विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत 15 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नवीन पदस्थापना आदेश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही एक निलंबित सीएमओ और एक सहायक ग्रेड-02 कर्मचारी को बहाल कर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय से जारी आदेश के अनुसार प्रशासनिक कार्य सुविधा एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों-कर्मचारियों का स्थानांतरण किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना होगा।
निलंबित सीएमओ को मिली बहाली
आदेश के अनुसार नगर पंचायत धरमजयगढ़ में पदस्थ रहे मुख्य नगर पालिका अधिकारी शशिकांत जायसवाल को निलंबन से बहाल कर नगर पंचायत बेलरगांव (जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़) में पदस्थ किया गया है। हालांकि विभाग ने उनके विरुद्ध चल रही विभागीय जांच को यथावत जारी रखने के निर्देश दिए हैं। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कर्मचारी की भी बहाली
इसी तरह सहायक ग्रेड-02 वागीश्वर कुमार कंवड़े को भी बहाल करते हुए नगर पंचायत अड़भार में पदस्थ किया गया है। आदेश में उल्लेख है कि उनकी बहाली विभागीय प्रक्रिया के तहत की गई है।
कई नगर निकायों में बदले गए सीएमओ
जारी आदेश के तहत रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, कोरबा, बलौदाबाजार, जशपुर, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सूरजपुर और अन्य जिलों की नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों में पदस्थ अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। इनमें मुख्य रूप से धरसींवा, जामुल, जांजगीर-नैला, सक्ती, कोड़ातराई, बेलरगांव, अड़भार और बगीचा सहित कई नगरीय निकाय शामिल हैं।
तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश
विभाग ने आदेश में कहा है कि सभी स्थानांतरित अधिकारी-कर्मचारी वर्तमान पदस्थापना स्थल से तत्काल कार्यमुक्त होकर नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें। निर्धारित अवधि में कार्यभार ग्रहण नहीं करने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
प्रदेश में नगरीय निकायों के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने और कार्यों में गति लाने के उद्देश्य से इस तबादला आदेश को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




Recent Comments