Homeछत्तीसगढ़पंडरीपानी में फिर तेंदुए का आतंक, घर में घुसकर बत्तख और गर्भवती...

पंडरीपानी में फिर तेंदुए का आतंक, घर में घुसकर बत्तख और गर्भवती बकरी को बनाया शिकार

महासमुंद। जिले के ग्रामीण इलाकों में तेंदुए की लगातार मौजूदगी से दहशत का माहौल है। शुक्रवार की बीती रात पंडरीपानी गांव में एक तेंदुआ घर में घुस गया और चैतराम पांडे के घर में बत्तख पर हमला कर उसे खा गया। इसके बाद तेंदुआ पड़ोस की बाड़ी में घुसा और कुसनो पांडे के बाड़ी स्थित बकरी शेड में एक गर्भवती बकरी को अपना शिकार बना लिया। एक ही रात में दो घरों में तेंदुए के पहुंचने और पशुओं को मारने की घटना से ग्रामीणों में भय व्याप्त है।

ग्रामीणों के मुताबिक, क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियां पिछले कई दिनों से लगातार देखी जा रही हैं। इससे पहले 3 अक्टूबर को लक्ष्मीनारायण यादव के यहां तेंदुए की घटना सामने आई थी। इसके अगले दिन पड़ोसी गांव झिटकी में तेंदुए ने छह लोगों पर गंभीर हमला कर दिया था। इस घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी। हमले के बाद संबंधित तेंदुए का रेस्क्यू किया गया था, लेकिन उसकी मौत हो गई थी।

इसके बावजूद क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। 20 अक्टूबर की दरम्यानी रात से बेहराभांठा, बनियातोरा और परकोम सहित आसपास के गांवों में तेंदुए को देखे जाने की खबरें सामने आई थीं। अब पंडरीपानी में घरों और बाड़ी तक तेंदुए के पहुंचने से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।

घरों और बाड़ियों तक पहुंच रहा तेंदुआ, ग्रामीणों में चिंता

लगातार हो रही घटनाओं ने ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। रात के समय घरों के आसपास तेंदुए की मौजूदगी और मवेशियों पर हमले से लोग भयभीत हैं। ग्रामीणों को अपने बच्चों, परिवार के सदस्यों और पालतू पशुओं की सुरक्षा की चिंता सता रही है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने, प्रभावित गांवों में गश्त कराने और लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments