बागबाहरा। राहगीर को रोककर मारपीट करने और चाकू दिखाकर मोबाइल व नकदी लूटने के मामले में बागबाहरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर 4 बालिग आरोपियों को गिरफ्तार और 4 विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट का मोबाइल, 200 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे प्रार्थी दिनेश कुमार सूर्यवंशी पिता गणेश राम, उम्र 24 वर्ष, निवासी महावीर कॉम्प्लेक्स बागबाहरा, ग्राम घुंचापाली स्थित जियो टॉवर में काम करने के बाद मोटरसाइकिल से बागबाहरा लौट रहा था। इसी दौरान रेलवे फाटक, धान मंडी बागबाहरा के पास कुछ अज्ञात लोगों ने उसे रोक लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने प्रार्थी के साथ मारपीट की और चाकू दिखाकर उसका Realme 15 5G मोबाइल, जिसकी कीमत करीब 28 हजार रुपये थी, तथा 200 रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। घटना की शिकायत पर थाना बागबाहरा में अपराध क्रमांक 187/2026, धारा 310(2), 126(1) BNS एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
हुलिए और स्थानीय सुराग से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की। प्रार्थी द्वारा बताए गए आरोपियों के हुलिए, रंग, कद-काठी और अन्य स्थानीय सुरागों के आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने शिवदास, वासु सोनवानी, शिवप्रसाद उर्फ कन्हैया नेताम, राज तांडी सहित चार विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने 15 सितंबर को प्रार्थी के साथ लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूट का एक मोबाइल, 200 रुपये नकद और एक चाकू बरामद किया।
ये आरोपी गिरफ्तार
- शिवदास पिता बकारु, उम्र 26 वर्ष, वार्ड नंबर 10 बागबाहरा।
- वासु सोनवानी पिता संजय सोनवानी, उम्र 19 वर्ष, वार्ड नंबर 10 बागबाहरा।
- शिवप्रसाद उर्फ कन्हैया नेताम पिता रामायण नेताम, उम्र 22 वर्ष, वार्ड नंबर 04 ढांगाडीपरा बागबाहरा।
- राज तांडी पिता सुरेश तांडी, उम्र 19 वर्ष, वार्ड नंबर 10 बागबाहरा।
इनके साथ चार विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। बालकों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया, जबकि गिरफ्तार बालिग आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
24 घंटे में कार्रवाई
बागबाहरा पुलिस की इस कार्रवाई में लूट की घटना के 24 घंटे के भीतर चार बालिग आरोपियों की गिरफ्तारी और चार विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेने की बात सामने आई है। मामले में पुलिस ने लूट की संपत्ति और चाकू बरामद किया है।
बरामदगी:
- 1 मोबाइल फोन
- 200 रुपये नकद
- 1 चाकू


Recent Comments