Homeछत्तीसगढ़RKM Power Plant Accident: मरम्मत के दौरान बड़ा हादसा, लिफ्ट गिरने...

RKM Power Plant Accident: मरम्मत के दौरान बड़ा हादसा, लिफ्ट गिरने से तीन मजदूरों की मौत, सात घायल

जांजगीर-चांपा / सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के डभरा ब्लॉक के ग्राम उच्च पिंडा में स्थित RKM Power Plant में मंगलवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। प्लांट में मरम्मत कार्य के दौरान मजदूरों को लेकर जा रही लिफ्ट अचानक टूटकर नीचे गिर गई। इस हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात से अधिक मजदूर घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।

कैसे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, मजदूर बॉयलर मशीन की मरम्मत के लिए ऊंचाई पर जा रहे थे। इस दौरान लिफ्ट का स्टील वायर अचानक टूट गया, जिससे लिफ्ट नीचे आ गिरी। घटना इतनी भीषण थी कि दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मजदूरों में भारी आक्रोश फैल गया।

घायलों का इलाज जारी

गंभीर रूप से घायल मजदूरों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर एडिशनल एसपी हरीश यादव पुलिस बल के साथ पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि हादसे में तीन मजदूरों की मौत हुई है और सात घायल हैं। सभी घायलों का इलाज जारी है, वहीं प्लांट परिसर में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

मजदूरों ने प्लांट प्रबंधन पर लगाया लापरवाही का आरोप

स्थानीय मजदूरों ने आरोप लगाया है कि हादसा RKM Power Plant प्रबंधन की लापरवाही के कारण हुआ। बताया जा रहा है कि लिफ्ट की तकनीकी जांच और मेंटेनेंस लंबे समय से नहीं किया गया था। मजदूर सुरक्षा को लेकर अब गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

प्रशासन ने दिए जांच के निर्देश

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सहायता राशि देने और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

यह हादसा एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा मानकों और मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

हमसे जुड़े

https://www.webmorcha.com/

https://www.facebook.com/webmorcha

https://x.com/WebMorcha

https://www.instagram.com/webmorcha/

9617341438, 7879592500


RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments