Homeछत्तीसगढ़24 घंटे में खुला ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी का राज, गांव का ही युवक...

24 घंटे में खुला ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी का राज, गांव का ही युवक निकला चोर, 2 लाख की संपत्ति बरामद

महासमुंद। महासमुंद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा चोरी गई ट्रैक्टर-ट्रॉली भी बरामद कर ली है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम भलेसर निवासी उमेश सिन्हा (39 वर्ष) ने थाना महासमुंद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके पिता तुकाराम सिन्हा का आईचर ट्रैक्टर क्रमांक CG 06 GM 0256 एवं नीले रंग की ट्रॉली 13 जून की रात गांव स्थित ब्यारा में खड़ी थी। 14 जून की सुबह जब परिवार के लोग वहां पहुंचे तो ट्रैक्टर और ट्रॉली गायब मिले। आसपास तलाश करने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर मामले की शिकायत पुलिस से की गई।

रिपोर्ट के आधार पर थाना महासमुंद में अपराध क्रमांक 359/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

यहां पढ़ें: मुकेश चंद्राकर हत्याकांड में नया खुलासा: गवाहों को बयान बदलने के लिए 1 लाख रुपये का ऑफर, एसपी से शिकायत

मुखबिर और साइबर टीम की मदद से मिला सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। जांच के दौरान गांव के ही राहुल देव कुर्रे (25 वर्ष) निवासी सतनामी पारा, ग्राम भलेसर पर संदेह हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपी लगातार पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन पुलिस की सघन और मनोवैज्ञानिक पूछताछ के सामने वह टूट गया।

आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने ट्रैक्टर और ट्रॉली चोरी कर उसे ग्राम बासिन में छिपाकर रखा था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर ली।

यहां पढ़ें: कौन है तुरेंगा की मृतका? 25-30 वर्षीय महिला की पहचान अब तक नहीं, हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

2 लाख रुपये की संपत्ति बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 2 लाख रुपये मूल्य की ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद की है। आरोपी राहुल देव कुर्रे को 17 जून 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी

  • राहुल देव कुर्रे (25 वर्ष)
  • निवासी : सतनामी पारा, ग्राम भलेसर, थाना एवं जिला महासमुंद

बरामद संपत्ति

  • ट्रैक्टर एवं ट्रॉली
  • अनुमानित कीमत : करीब 2 लाख रुपये

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के त्वरित खुलासे में थाना महासमुंद पुलिस, मुखबिर तंत्र और साइबर टीम की सक्रिय भूमिका रही, जिसके चलते चोरी की वारदात का शीघ्र पर्दाफाश संभव हो सका।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments