Homeछत्तीसगढ़धान खरीदी को आसान बनाने राज्य सरकार का बड़ा फैसला: 24 घंटे...

धान खरीदी को आसान बनाने राज्य सरकार का बड़ा फैसला: 24 घंटे उपलब्ध रहेगा तूहर टोकन ऐप

रायपुर। किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्य सरकार ने धान विक्रय प्रक्रिया को और अधिक सरल, सुगम और पारदर्शी बना दिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर अब तूहर टोकन ऐप 24×7 उपलब्ध रहेगा। इसके साथ ही टोकन काटने के लिए निर्धारित समय की बाध्यता समाप्त कर दी गई है।

अब किसान दिन-रात किसी भी समय, अपनी सुविधा के अनुसार मोबाइल ऐप के माध्यम से धान विक्रय हेतु टोकन बुक कर सकेंगे। इस निर्णय से धान खरीदी की बेहतर योजना बनेगी और समितियों में भीड़ व तकनीकी दबाव की समस्या से भी किसानों को राहत मिलेगी।

13 जनवरी तक अगले 20 दिनों के लिए मिलेंगे टोकन

राज्य सरकार के अनुसार किसान अब 13 जनवरी तक आगामी 20 दिनों के लिए टोकन प्राप्त कर सकेंगे। इससे किसानों को धान विक्रय की पूर्व योजना बनाने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा और अंतिम दिनों में होने वाली भीड़ से बचाव होगा।

छोटे किसानों को अतिरिक्त राहत

सरकार ने 2 एकड़ एवं 2 एकड़ से कम रकबा वाले किसानों को विशेष राहत देते हुए उन्हें 31 जनवरी तक तूहर टोकन ऐप से टोकन लेने की सुविधा प्रदान की है। इससे छोटे किसानों को धान बेचने में अतिरिक्त समय और सुविधा मिलेगी।

समिति सीमा के भीतर ही जारी होंगे टोकन

उल्लेखनीय है कि टोकन प्रत्येक सहकारी समिति को आबंटित निर्धारित सीमा के भीतर ही जारी किए जाएंगे। किसानों से आग्रह किया गया है कि वे समय रहते तूहर टोकन ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त कर किसी भी असुविधा से बचें।

मुख्यमंत्री का बयान

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा—

“किसानों की सुविधा और पारदर्शी व्यवस्था हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। तूहर टोकन ऐप को 24×7 खोलने और समय की बाध्यता समाप्त करने का निर्णय इसी सोच का परिणाम है। अब किसान बिना किसी दबाव के अपनी सुविधा अनुसार टोकन बुक कर सकेंगे। 2 एकड़ एवं 2 एकड़ से कम रकबा वाले किसानों के लिए टोकन की अतिरिक्त समय सीमा किसानों को वास्तविक राहत देगी। राज्य सरकार किसान हित में हर संभव कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।”

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments