महासमुंद। थाना तुमगांव क्षेत्र अंतर्गत उलट कोडार डेम के सागौन जंगल में अज्ञात महिला की जली हुई लाश मिलने के मामले में महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब एक वर्ष से फरार आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। आरोपी ने लूट के इरादे से महिला की हत्या कर पहचान छुपाने के लिए शव को जला दिया था।
डीएनए टेस्ट से हुई मृतिका की पहचान
घटना दिनांक 02 अप्रैल 2025 की है, जब प्रार्थी देवदास चेलक ने थाना तुमगांव में सूचना दी कि उलट कोडार डेम के सागौन जंगल में एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत जला हुआ शव पड़ा है। सूचना पर थाना तुमगांव में अपराध क्रमांक 82/25, धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान मृतिका का डीएनए टेस्ट कराया गया, जिससे उसकी पहचान सुनीता रजक पति राजेश रजक, उम्र 55 वर्ष, निवासी धमतरी के रूप में हुई।
मेले में जाने निकली थी महिला, फिर हो गई लापता
परिजनों ने बताया कि मृतिका अपनी बड़ी बहन के घर ग्राम पटेवा मड़ई मेला देखने आई थी। 30 जनवरी 2025 को वह पटेवा से महासमुंद जाने के लिए एक अज्ञात व्यक्ति से मोटरसायकल में लिफ्ट लेकर निकली थी, जिसके बाद वह लापता हो गई। इस संबंध में थाना पटेवा में गुम इंसान की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी।
आरोपी ने जुर्म कबूला
लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने संदेही सूरज ध्रुव पिता हृदय ध्रुव, निवासी ग्राम खुंटेरी, थाना खल्लारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया।
आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2018 में अपनी पत्नी संतोषी ध्रुव की हत्या के मामले में जेल जा चुका है और दिसंबर 2024 में सजा पूरी कर जेल से रिहा हुआ था। रिहाई के बाद वह अपनी बहन और जीजा के घर ग्राम कौंवाझर में रह रहा था और जीजा की स्प्लेंडर मोटरसायकल (CG 06 GA 3140) चलाता था।
लालच में रची गई हत्या की साजिश
आरोपी के अनुसार, 30 जनवरी 2025 को उसने पटेवा नंदी चौक के पास महिला को लिफ्ट दी और महासमुंद छोड़ने का झांसा देकर उसे कोडार डेम घुमाने ले गया। बाद में काम दिलाने और साथ रखने का भरोसा देकर उसे जीजा के घर के पीछे कई वर्षों से बंद मकान में करीब डेढ़ माह तक रखा।
जब महिला ने घर लौटने की जिद की और विवाद बढ़ने लगा, तब आरोपी के मन में लालच आ गया। मार्च महीने के अंतिम सप्ताह में एक शाम वह महिला को रिश्तेदार के यहां छोड़ने के बहाने मोटरसायकल पर बैठाकर सूनसान सागौन जंगल में ले गया। वहां मोटरसायकल खराब होने का बहाना बनाकर उसने महिला का साड़ी से गला घोंटकर हत्या कर दी।
पहचान छुपाने के लिए शव को जलाया
हत्या के बाद आरोपी ने महिला के पहने सोने-चांदी के गहने लूट लिए और पहचान छुपाने के लिए शव पर कपड़े, सूखे पत्ते और लकड़ियां डालकर जला दिया। मृतिका के बैग, सैंडल, दवाइयों सहित अन्य सामान भी अलग स्थान पर जला दिए गए।
गहने और मोटरसायकल बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतिका के पहने हुए
दो नग सोने के टॉप
एक नग सोने का झुमका
दो नग चांदी की पायल
छह नग चांदी की बिछिया
और घटना में प्रयुक्त मोटरसायकल CG 06 GA 3140 को बरामद कर लिया है।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर
पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी सूरज ध्रुव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस अंधे कत्ल के खुलासे में
निरीक्षक दिनेश कुमार यादव (थाना प्रभारी, तुमगांव)
निरीक्षक विनोद कश्यप (सायबर सेल)
प्र.आर. आबिद खान
आरक्षक कीर्तन सिन्हा, फलेश वर्मा, कमलेश निर्मलकर, महेंद्र क्षत्रिय, मोनू नामदेव
महिला आरक्षक तृष्णा मारकण्डेय
का विशेष योगदान रहा।














