छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों के हित में एक अहम निर्णय लेते हुए धान खरीदी की प्रक्रिया में दो दिन की अतिरिक्त राहत दी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर अब कुछ श्रेणियों के किसान 05 और 06 फरवरी 2026 तक धान विक्रय कर सकेंगे। वहीं, इसी बीच राज्य सरकार की महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णयों को लेकर 4 फरवरी को नवा रायपुर में मंत्रिपरिषद की बैठक भी आयोजित की जाएगी।
धान खरीदी में किसानों को दो दिन की अतिरिक्त राहत
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर प्रदेश में किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए धान खरीदी की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण राहत प्रदान की गई है। इसके तहत तीन श्रेणियों के किसानों को धान विक्रय के लिए अतिरिक्त दो दिवस — 05 एवं 06 फरवरी 2026 तक खरीदी की अनुमति दी गई है।
- मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, निम्न तीन प्रकार के किसान इस अतिरिक्त अवधि में धान विक्रय कर सकेंगे—
- वे किसान, जिन्होंने 10 जनवरी 2026 के पश्चात टोकन हेतु आवेदन किया था, लेकिन उनका सत्यापन नहीं हो पाया था।
- वे किसान, जिन्होंने 10 जनवरी 2026 के बाद आवेदन किया और सत्यापन उपरांत उनके पास धान पाया गया।
- वे किसान, जिन्हें 28 जनवरी, 29 जनवरी एवं 30 जनवरी 2026 को टोकन प्राप्त हुआ था, लेकिन किसी कारणवश वे निर्धारित तिथि पर धान विक्रय नहीं कर पाए थे।
किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए बारदाना और हमालों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। राज्य सरकार का यह निर्णय किसानों के प्रति संवेदनशीलता और उनकी उपज के सुरक्षित एवं सुचारु विक्रय के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
4 फरवरी को नवा रायपुर में होगी कैबिनेट बैठक
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की बैठक 4 फरवरी 2026, बुधवार को आयोजित की जाएगी। यह बैठक पूर्वान्ह 11.30 बजे, नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में होगी। कैबिनेट बैठक में राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण प्रशासनिक, विकासात्मक और जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। बैठक से कई अहम फैसले लिए जाने की उम्मीद है।



Recent Comments