पिथौरा। स्थानीय विश्राम गृह में आज राष्ट्रीय अभियोजक के संपादक एवं वरिष्ठ पत्रकार राजेश शर्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शोकसभा में पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें याद करते हुए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को नमन किया।
प्रेस क्लब के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार रजिंदर खनूजा ने अपने संबोधन में श्री शर्मा के देहावसान को पत्रकार जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि राजेश शर्मा का जीवन सादगी, समर्पण और सत्यनिष्ठा का प्रतीक था।
वरिष्ठ पत्रकार शिखा दास ने संस्मरण साझा करते हुए कहा कि वे हम सबके मार्गदर्शक थे। साहित्य के प्रति उनका प्रेम अटूट था। अपने अखबार में वे हमेशा एक पृष्ठ साहित्य के लिए सुरक्षित रखते थे। उन्होंने अपनी कविताओं के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की।
पत्रकार एवं साहित्यकार संतोष गुप्ता ने शोकसभा का संचालन करते हुए श्री शर्मा के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्री शर्मा ऐसे पत्रकार थे, जिनकी लेखनी और वाणी की ताकत लोगों को सदैव अच्छे कार्यों के लिए प्रेरित करती थी। उनका निधन पत्रकारिता जगत के लिए अत्यंत दुखद है।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार शंकर अग्रवाल, पवन गुप्ता, भाजपा नेता प्रीत राम सूर्ये, आशीष शर्मा, ललित मुखर्जी, ताराचंद पटेल, नगर पंचायत अध्यक्ष देवेश निषाद, जिला जनपद सभापति श्रीमती रामदुलारी सीताराम सिन्हा, नगर पंचायत उपाध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी, स्वप्निल तिवारी, रैदास गोयल, धनेश नायक सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। शोकसभा के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।



Recent Comments