Homeछत्तीसगढ़रायपुर, पत्नी-बेटी से मिलने नहीं दिया तो जीजा ने कर दी दो...

रायपुर, पत्नी-बेटी से मिलने नहीं दिया तो जीजा ने कर दी दो बहनों की हत्या, मोवा गोलीकांड का खुलासा

रायपुर। राजधानी रायपुर के मोवा इलाके में हुए सनसनीखेज डबल हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी जीजा ने अपनी साली और दूसरी युवती को गोली मार दी, जिससे दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लाइसेंसी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, घटना पंडरी थाना क्षेत्र की है। सुंदरीपारा, मोवा निवासी सावित्री वर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी बेटी ज्योति वर्मा उर्फ खिलेश्वरी का विवाह वर्ष 2020 में जितेंद्र कुमार वर्मा से हुआ था। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके कारण ज्योति पिछले 20-25 दिनों से अपनी मां के घर रह रही थी। दोनों की डेढ़ साल की बेटी भी है।

बताया गया कि 5 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे आरोपी जितेंद्र वर्मा अपनी पत्नी और बेटी से मिलने ससुराल पहुंचा। उसने बच्ची से वीडियो कॉल पर बात कराने की जिद की। परिवार वालों ने सुबह आने की बात कही और बताया कि ज्योति का मोबाइल बंद है। इससे आरोपी भड़क गया।

आरोप है कि जितेंद्र ने अपनी पैंट से बंदूक और कारतूस निकालकर जमीन पर फैला दिए और गुस्से में गीतांजली वर्मा उर्फ जया को जान से मारने की धमकी देते हुए गोली चला दी। गोली लगते ही गीतांजली जमीन पर गिर गई।

इसी दौरान छत से नीचे आई दूसरी युवती दुर्गेश्वरी वर्मा को भी आरोपी ने दरवाजे के पास गोली मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में आरोपी जितेंद्र वर्मा के खिलाफ धारा 103 बीएनएस और 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल और जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र कुमार वर्मा (32 वर्ष) मोवा स्थित पाल इलेक्ट्रिकल के पास का निवासी बताया गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments