Homeछत्तीसगढ़कोमाखान थाना क्षेत्र में अनोखे अंदाज में चोरी: ‘छड़-सिमेंट का पैसा देना...

कोमाखान थाना क्षेत्र में अनोखे अंदाज में चोरी: ‘छड़-सिमेंट का पैसा देना है’ कहकर घर में घुसे बदमाश, दो गांवों में लाखों के जेवर-नकदी पार

कोमाखान थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग गांवों में एक जैसे तरीके से चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने घर के लोगों को झांसे में लेकर आलमारी से नकदी और सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 331(4) और 305(a) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


चंदरपुर गांव में 92 हजार की चोरी

पहला मामला कोमाखान थाना क्षेत्र चंदरपुर गांव का है। प्रार्थी चैनलाल साहू ने थाना में शिकायत दर्ज कराई कि वह राजमिस्त्री का काम करता है और काम के सिलसिले में ओडिशा गया हुआ था। 4 मई 2026 को घर लौटने पर उसने आलमारी में रखे 12 हजार रुपये नकद और करीब 80 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवर गायब पाए।

शिकायत के अनुसार, उसके पिता ने बताया कि 16 फरवरी 2026 की दोपहर एक अज्ञात व्यक्ति घर पहुंचा था। उसने कहा कि “3 क्विंटल छड़ लाने की बात हुई है और मजदूरों को पैसा देना है।” इसके बाद वह घर में बैठा रहा। इसी दौरान चैनलाल के पिता लघुशंका के लिए बाहर गए और वापस लौटे तो वह व्यक्ति गायब था। बाद में आलमारी से नगदी और जेवर भी नहीं मिले।

चोरी गए सामान में 5 ग्राम सोने की माला, चांदी का सांटी, पायल और बिछिया शामिल हैं। कुल नुकसान करीब 92 हजार रुपये बताया गया है।


उखरा गांव में बेटी को झांसे में लेकर उड़ाए जेवर

दूसरा मामला कोमाखान थाना क्षेत्र उखरा गांव का है। प्रार्थी भोजराम ठाकुर खेती-किसानी का काम करता है और तमिलनाडु मजदूरी करने गया था। घर लौटने पर उसने आलमारी से 15 हजार रुपये नकद और करीब 76,500 रुपये के सोने-चांदी के जेवर गायब पाए।

परिवार के अनुसार, 17 जनवरी 2026 की सुबह एक अज्ञात व्यक्ति घर पहुंचा और प्रार्थी की बेटी से कहा कि “तुम्हारे पिता ने छड़-गिट्टी मंगवाया है, ट्रक आ रहा है, 22 हजार रुपये देने हैं।” उसने यह भी कहा कि आलमारी की चाबी तकिये के नीचे रखी है।

बेटी ने पिता से बात कराने की बात कही तो आरोपी मोबाइल पर बात कराने का नाटक करने लगा। इसी दौरान वह लड़की के साथ आलमारी और बक्से खोलकर देखने लगा। कुछ देर बाद वह अचानक वहां से निकल गया। बाद में परिवार को पता चला कि नगदी और जेवर गायब हैं।

चोरी गए सामान में सोने के टॉप्स, लॉकेट, चांदी का करधन, पायल, बिछिया समेत कई जेवर शामिल हैं। कुल नुकसान करीब 91,500 रुपये बताया गया है।


पुलिस जांच में जुटी

दोनों मामलों में खास बात यह है कि चोरी का तरीका लगभग एक जैसा है। आरोपी खुद को परिचित बताकर घर में घुसा और परिवार के लोगों को बहाने से उलझाकर नकदी और जेवर लेकर फरार हो गया। पुलिस को आशंका है कि दोनों घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह का हाथ हो सकता है।

कोमाखान पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments