बागबाहरा, 18 जून 2026। बागबाहरा थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले की जांच के बाद पुलिस ने पिकअप और ट्रक चालकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम नवाडीह निवासी टीकम ठाकुर (23 वर्ष) अपने चचेरे भाई मुकेश ठाकुर के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GZ 7591 से बागबाहरा आया हुआ था। 17 जून को दोनों बागबाहरा से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-353 मार्ग पर आरटीओ बैरियर के पास खरियार रोड से बागबाहरा की ओर आ रही पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 QD 8543 के चालक ने कथित रूप से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को सामने से टक्कर मार दी।
अगले 2-3 घंटे के लिए मौसम अलर्ट: छत्तीसगढ़ के 5 जिलों समेत कई राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी
टक्कर लगने से टीकम ठाकुर और मुकेश ठाकुर सड़क पर गिर गए। इसी दौरान बागबाहरा से खरियार रोड की ओर जा रहे ट्रक क्रमांक CG 04 JC 8355 के चालक ने भी कथित रूप से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए टीकम ठाकुर को कुचल दिया। हादसे में टीकम ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुकेश ठाकुर को जांघ, सिर, दोनों हाथों की कलाई सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
घटना के बाद घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा लाया गया। वहीं अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक के पिता संजीव कुमार ठाकुर सहित अन्य ग्रामीणों के कथन दर्ज किए गए।
मर्ग जांच में पिकअप वाहन द्वारा टक्कर मारने तथा ट्रक द्वारा कुचलने से टीकम ठाकुर की मृत्यु होना पाया गया। जांच उपरांत पुलिस ने दोनों वाहन चालकों के विरुद्ध धारा 281, 125(ए), 106(1) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


Recent Comments