महोबिया ट्रेडर्स के पीछे मैदान में वारदात, युवक और उसके दोस्त को चाकू दिखाकर लूट की घटना को दिया अंजाम, पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर शुरू की जांच।
बागबाहरा। महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र में तीन नकाबपोश बदमाशों द्वारा चाकू की नोक पर एक युवक से करीब 25 ग्राम सोने की चेन तथा उसके दोस्त का कड़ा लूटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार वार्ड क्रमांक 5, गणेश पारा, बागबाहरा निवासी एवं श्री गणेश ज्वेलर्स के संचालक नीलेश कुमार सोनी ने थाना बागबाहरा में शिकायत दर्ज कराई है कि 24 जून 2026 की शाम करीब 7 से 7.30 बजे के बीच उनके पुत्र शुभ सोनी अपने मित्र श्रेयांश जैन के साथ स्कूटी से झलप रोड की ओर घूमने गया था। दोनों महोबिया ट्रेडर्स के पीछे स्थित मैदान में बैठे हुए थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन नकाबपोश युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने चाकू दिखाकर शुभ सोनी के गले से लगभग 25 ग्राम वजन की सोने की चेन तथा श्रेयांश जैन के हाथ में पहना कड़ा लूट लिया और बागबाहरा की ओर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर नीलेश कुमार सोनी तत्काल मौके पर पहुंचे और आसपास आरोपियों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। शिकायत में बताया गया है कि लूटी गई सोने की चेन की अनुमानित कीमत करीब 2.38 लाख रुपये है, जिसे उन्होंने लगभग एक वर्ष पूर्व अपने पुत्र को दिया था।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 309 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।


Recent Comments