Homeछत्तीसगढ़टेमरी के भीमसेनी एकादशी मेले में युवक पर चाकू से हमला, हत्या...

टेमरी के भीमसेनी एकादशी मेले में युवक पर चाकू से हमला, हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

डीही टेमरी मेले में दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे 17 वर्षीय किशोर के पेट में अज्ञात हमलावर ने घोंपा चाकू, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती।

कोमाखान। महासमुंद जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डीहीटेमरी में आयोजित भीमसेनी एकादशी मेले के दौरान एक 17 वर्षीय किशोर पर अज्ञात व्यक्ति ने चाकू से हमला कर दिया। घटना में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए ओडिशा के नुआपाड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ओडिशा के नुआपाड़ा जिले के ग्राम परसाभदर निवासी रिखीराम राउत ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनका 17 वर्षीय पुत्र आकाश यादव 25 जून की शाम अपने दोस्तों विष्णु केंवट, उमेन्द्र साहू, परमेश्वर यादव, मोरध्वज राउत और देवराज साहू के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम डीहीटेमरी में आयोजित भीमसेनी एकादशी मेला देखने आया था।

रात करीब एक बजे आकाश के दोस्त विष्णु केंवट ने फोन कर सूचना दी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने आकाश के पेट में चाकू मार दिया है। सूचना मिलते ही रिखीराम राउत मौके पर पहुंचे, जहां उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा मिला। चाकू लगने से उसके पेट से आंत बाहर निकल आई थी। इसके बाद परिजन और दोस्तों ने तत्काल उसे वाहन से नुआपाड़ा के सरकारी अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया।

पीड़ित के पिता की शिकायत पर कोमाखान पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस हमलावर की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments