महासमुंद। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में पुलिस ने कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान भूषण ध्रुव (30 वर्ष), पिता घनश्याम ध्रुव, निवासी ग्राम सोरम, थाना खल्लारी, जिला महासमुंद के रूप में हुई है। घटना 02 जुलाई 2026 की शाम लगभग 6:30 बजे की है। भूषण ध्रुव अपने साथी नागेश्वर ध्रुव के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक CG-06-GP-0204 से महासमुंद से अपने गांव सोरम लौट रहे थे।
बताया गया कि ग्राम लभराखुर्द के पास बागबाहरा से महासमुंद की ओर आ रही कार क्रमांक CG-04-MQ-2700 के चालक ने कथित रूप से तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सामने से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल महासमुंद लाया गया, जहां डॉक्टरों ने भूषण ध्रुव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल नागेश्वर ध्रुव को बेहतर इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल, रायपुर रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर थाना सिटी कोतवाली महासमुंद में पहले मर्ग क्रमांक 100/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम कर जांच की गई। जांच के दौरान सड़क दुर्घटना में कार चालक की लापरवाही सामने आने पर पुलिस ने आरोपी चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(क) एवं 106(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


Recent Comments