7.40 लाख रुपये की शराब, स्पिरिट, पैकिंग मशीन, कार-स्कूटी और अन्य सामान जब्त, कोमाखान पुलिस की बड़ी कार्रवाई
महासमुंद। जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब निर्माण और पैकिंग के बड़े कारोबार का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अंग्रेजी और देशी शराब, 280 लीटर स्पिरिट, शराब पैकिंग मशीन, बड़ी मात्रा में पैकिंग सामग्री, एक कार, एक स्कूटी और मोबाइल फोन सहित कुल 7 लाख 40 हजार 500 रुपये का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार 11 जुलाई की रात मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक महेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम भिलाईदादर में नरेश मल्होत्रा के खेत की मेड़ पर बने कच्चे मकान में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से अवैध शराब निर्माण और पैकिंग का पूरा सेटअप संचालित होता मिला।
छापे में मैकडॉवेल नंबर-1 व्हिस्की, गोवा व्हिस्की, हंटर स्ट्रांग बीयर, शोले देशी प्लेन मदिरा, जेब्रा छाप महुआ शराब के सैकड़ों पौवे एवं पाउच, 280 लीटर स्पिरिट, शराब भरने और पैकिंग की मशीनें, हजारों की संख्या में खाली बोतलें, पाउच, स्टीकर, ढक्कन, बारकोड, शराब मापक यंत्र तथा अन्य सामग्री बरामद की गई।
पुलिस ने मौके से एक ईको कार, एक एक्टिवा स्कूटी तथा आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 7,40,500 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के औरंगाबाद और रोहतास, झारखंड के पलामू तथा छत्तीसगढ़ के रायपुर और महासमुंद जिले के निवासी शामिल हैं। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 35, 49(ख)(ग) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 274, 275 और 347 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में यह भी जांच की जा रही है कि अवैध शराब का निर्माण और आपूर्ति किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी तथा इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।


Recent Comments