Homeदेश - विदेश"‘युवा शक्ति को भ्रम के चक्रव्यूह में नहीं फंसने देंगे’… धर्मेंद्र प्रधान...

“‘युवा शक्ति को भ्रम के चक्रव्यूह में नहीं फंसने देंगे’… धर्मेंद्र प्रधान का भावुक पत्र, छात्रों से की दिल छू लेने वाली अपील”

नई दिल्ली। NEET-UG विवाद और हालिया राजनीतिक घटनाक्रम के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने देश के युवाओं के नाम एक भावुक खुला पत्र जारी किया है। इस पत्र में उन्होंने राजनीति से अधिक छात्रों के भविष्य और उनके सपनों की चिंता व्यक्त की है। उन्होंने लिखा कि भारत की युवा शक्ति को किसी भी भ्रम, विवाद या राजनीतिक चक्रव्यूह में नहीं फंसना चाहिए, बल्कि पूरी ऊर्जा के साथ अपने करियर और शिक्षा पर ध्यान देना चाहिए।

पत्र की शुरुआत “मेरे युवा साथियों” शब्दों से करते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने लिखा कि पिछले चार दशकों से उनका जीवन छात्रों, शिक्षकों और शिक्षा सुधार के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं की आकांक्षाओं का सम्मान करना उनके सार्वजनिक जीवन का सबसे बड़ा संकल्प रहा है।

उन्होंने स्वीकार किया कि NEET-UG परीक्षा में अनियमितताएं सामने आई थीं, लेकिन सरकार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जांच सीबीआई को सौंपी, परीक्षा दोबारा कराई और भविष्य में परीक्षा को पूरी तरह कंप्यूटर आधारित बनाने का फैसला लिया। उनका कहना है कि सबसे बड़ी प्राथमिकता 20 लाख से अधिक विद्यार्थियों के भविष्य को सुरक्षित रखना था।

“व्यक्तिगत प्रतिष्ठा नहीं, छात्रों का भविष्य अहम”

पत्र में धर्मेंद्र प्रधान ने लिखा कि पिछले कुछ दिनों की घटनाओं ने उन्हें भीतर तक व्यथित किया। उन्होंने कहा कि यह मामला उनकी व्यक्तिगत प्रतिष्ठा का नहीं, बल्कि देश के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य का है। कुछ लोगों द्वारा छात्रों को गुमराह करने की कोशिश पर भी उन्होंने दुख जताया।

उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए लिखा कि वे अफवाहों और विवादों में उलझने के बजाय अपनी पढ़ाई और भविष्य पर ध्यान केंद्रित करें, क्योंकि वही विकसित भारत के निर्माता हैं।

प्रधानमंत्री और सहयोगियों का जताया आभार

पत्र के अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अपने सहयोगियों और शिक्षा मंत्रालय के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रसेवा उनके जीवन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी वे युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए हरसंभव प्रयास करते रहेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments