Homeछत्तीसगढ़टेमरी चेकपोस्ट पर हाईवोल्टेज ड्रामा: ट्रक चालक ने पुलिस को दी वर्दी...

टेमरी चेकपोस्ट पर हाईवोल्टेज ड्रामा: ट्रक चालक ने पुलिस को दी वर्दी उतरवाने की धमकी, FIR दर्ज

महासमुंद। जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र अंतर्गत टेमरी जांच नाका पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता, धक्का-मुक्की और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कोमाखान पुलिस ने ट्रक क्रमांक CG 04 QR 5456 के चालक और उसके साथी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई 2026 की रात करीब 10:30 बजे टेमरी जांच नाका पर नियमित वाहन चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान ओडिशा के खरियार रोड की ओर से आ रहा ट्रक CG 04 QR 5456 तेज रफ्तार में पहुंचा। ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने चालक को वाहन धीमा करने का इशारा किया, लेकिन उसने कथित रूप से बैरियर पर लगे स्टॉपर को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया।

पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज और धमकी

एफआईआर के अनुसार, ट्रक रोककर समझाने पर चालक और उसके साथी ने पुलिसकर्मियों व अन्य चेकपोस्ट स्टाफ के साथ अश्लील गाली-गलौज की। आरोप है कि उन्होंने वर्दी उतरवाने और नौकरी से निकलवाने की धमकी देते हुए धक्का-मुक्की की तथा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। इसके बाद आरोपी ट्रक लेकर मौके से फरार हो गए।

अवैध तस्करी रोकने के लिए लगी थी संयुक्त चेकिंग

एफआईआर में उल्लेख है कि टेमरी जांच नाका पर गांजा, शराब और नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस, आबकारी और वन विभाग की संयुक्त टीम तैनात रहती है। घटना के समय आरक्षक कुलेश्वर साहू, वीरेंद्र नेताम, युवराज ठाकुर, रामकुमार ध्रुव, वन विभाग के नरेंद्र चंद्राकर तथा आबकारी विभाग के सुरक्षाकर्मी गणेश टंडन और रमेश साहू भी मौके पर मौजूद थे।

इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला

कोमाखान थाना पुलिस ने ट्रक चालक और उसके साथी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं—

  • 132 (लोक सेवक को कर्तव्य पालन से रोकना),
  • 221,
  • 224,
  • 296 (अश्लील गाली-गलौज),
  • 3(5),
  • 324(3)

के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

आरक्षक की शिकायत पर दर्ज हुई एफआईआर

यह मामला आरक्षक क्रमांक 550 शशि कुमार (शशि साहू) की लिखित शिकायत पर दर्ज किया गया है। पुलिस ट्रक चालक और उसके साथी की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments