गरियाबंद। गरियाबंद जिले के छुरा थाना क्षेत्र के ग्राम कांदागढ़ी के आश्रित ग्राम डोंगरीपाली में अवैध महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची साइबर सेल और पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गई, उन्हें बंधक बनाया गया और सरकारी कार्रवाई में बाधा डाली गई। घटना में पुलिसकर्मी एवं स्वतंत्र गवाह घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर साइबर सेल गरियाबंद के प्रधान आरक्षक सउनि. यदुराज ठाकुर के नेतृत्व में साइबर टीम जुर्म-जरायम पतासाजी के लिए निकली थी। टीम में आरक्षक ज्ञानदास महंत, चनेश्वर नागेश, राज कंवर, भागवत विश्वकर्मा और देवेंद्र सोनवानी शामिल थे। टीम ने छुरा थाना पहुंचकर स्थानीय पुलिस बल को साथ लिया। छुरा थाना के प्रधान आरक्षक दुकेश्वर साहू, महिला सैनिक भारती साहू तथा दो स्वतंत्र गवाहों के साथ ग्राम डोंगरीपाली में दबिश दी गई।
ग्राहक बनकर खरीदी महुआ शराब
पुलिस के अनुसार, टीम ने सादे कपड़ों में कार्रवाई करते हुए सुमित्रा नेताम के घर पहुंचकर महुआ शराब की बिक्री की पुष्टि करने के लिए एक आरक्षक को ग्राहक बनाकर भेजा। आरक्षक ने 200 रुपये देकर करीब एक लीटर हाथ भट्टी से बनी कच्ची महुआ शराब खरीदी। शराब की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम आगे की कार्रवाई के लिए सामने आई।
पुलिस को देखते ही ग्रामीण हुए आक्रामक
आरोप है कि पुलिस को देखते ही सुमित्रा नेताम ने अपने बेटे और पड़ोसी चुनेश्वर मरकाम सहित 5-6 अन्य ग्रामीणों को बुला लिया। सभी लाठी-डंडों से लैस होकर पुलिस टीम और गवाहों के साथ गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद सभी ने एक राय होकर पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस का आरोप है कि ग्रामीणों ने पुलिस टीम को घेरकर कहा कि “आज गांव से तुम लोगों को जिंदा नहीं जाने देंगे” और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान आरक्षक के हाथ से जब्त की गई महुआ शराब भी छीनकर फेंक दी गई।
पुलिसकर्मी और गवाह घायल
हमले में सउनि. यदुराज ठाकुर के बाईं आंख, पीठ और कंधे में चोटें आईं। वहीं आरक्षक ज्ञानदास महंत के सिर, गला, गर्दन, कान और गाल पर चोट लगी। घटना के दौरान मौजूद दोनों स्वतंत्र गवाहों के साथ भी मारपीट किए जाने की जानकारी सामने आई है।
विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज
घटना के बाद पुलिस ने सउनि. यदुराज ठाकुर की रिपोर्ट पर आरोपितों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, शासकीय कर्मचारियों से मारपीट, जान से मारने की धमकी, बंधक बनाने तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।


Recent Comments