महासमुंद/तेन्दूकोना। शासकीय मदिरा दुकान में नौकरी लगाने का झांसा देकर दो लोगों से कुल 2 लाख 30 हजार रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। शिकायत जांच के बाद पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम नदी चरौदा निवासी राकेश कुमार चक्रधारी (31) ने शासकीय मदिरा दुकान में नौकरी लगाने के नाम पर ठगी किए जाने की शिकायत की थी। शिकायत कलेक्टर जनदर्शन के माध्यम से पुलिस अधीक्षक महासमुंद तक पहुंची, जिसके बाद मामले की जांच कराई गई।
जांच के दौरान शिकायतकर्ता राकेश कुमार चक्रधारी, भूषण चक्रधारी सहित गवाह हेमंत साहू, चंद्रकुमार चक्रधारी, केशव राणा और गिरीश कुमार चक्रधारी के बयान लिए गए। पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आया कि नौकरी लगाने के नाम पर राकेश कुमार चक्रधारी से कुल 1 लाख 40 हजार रुपए लिए गए।
बताया गया कि राकेश के ससुर केशव राणा के मोबाइल नंबर से फोन-पे के जरिए 1 लाख 20 हजार रुपए तथा राकेश के मोबाइल नंबर से गूगल-पे के माध्यम से 20 हजार रुपए आरोपी डोमार तांडी के मोबाइल नंबर पर भेजे गए।
इसी तरह दूसरे मामले में भूषण लाल चक्रधारी से उनके बेटे अमित कुमार चक्रधारी को शासकीय मदिरा दुकान में नौकरी दिलाने के नाम पर 90 हजार रुपए नकद लेने की बात जांच में सामने आई है। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों द्वारा एक राय होकर नौकरी का झांसा देकर रकम लेने और धोखाधड़ी करने की बात कही है।
पुलिस ने इस मामले में डोमार तांडी पिता धरम तांडी (30), निवासी वार्ड क्रमांक 22, सुभाष नगर, महासमुंद तथा अंकित कुमार चन्द्राकर पिता कृष्ण कुमार चन्द्राकर (36), निवासी ग्राम खौली, थाना खरोरा, जिला रायपुर को आरोपी बनाया है।
शिकायतकर्ता ने रकम वापस मिलने के इंतजार में पुलिस को सूचना देने में देरी होने की बात बताई है। जांच के आधार पर चौकी बुन्देली पुलिस ने धारा 318(4) और 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। मामले की सूचना न्यायालय जेएमएफसी पिथौरा, जिला महासमुंद को भेजी गई है।

Recent Comments