Homeछत्तीसगढ़कोमाखान में भालू का आतंक: बुजुर्ग महिला पर हमला, जांघ में पंजे...

कोमाखान में भालू का आतंक: बुजुर्ग महिला पर हमला, जांघ में पंजे के वार से लहूलुहान

महासमुंद/कोमाखान। कोमाखान तहसील अंतर्गत ग्राम बाम्हनडीह में भालू का आतंक लगातार बना हुआ है। शनिवार सुबह घर के पीछे बाड़ी का दरवाजा खोलते ही एक भालू ने 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया। हमले में महिला की जांघ पर गंभीर खरोंचें आई हैं और वह लहूलुहान हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, केकती पति मोतीलाल तिवारी, उम्र करीब 62 वर्ष, शनिवार सुबह लगभग 8 बजे अपने घर के पीछे स्थित बाड़ी का दरवाजा खोलने पहुंची थीं। जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला, वहां मौजूद भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। भालू के पंजे से महिला की जांघ पर गहरी खरोंचें आईं, जिससे वह घायल हो गईं।

घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजे जाने की तैयारी की जा रही है। घटना की जानकारी वन विभाग को भी दी गई है।

एक महीने में दूसरी घटना, ग्रामीणों में दहशत

बाम्हनडीह क्षेत्र में भालू के हमले की यह करीब एक महीने के भीतर दूसरी घटना बताई जा रही है। इससे पहले इसी महीने सुबह के समय एक मासूम बच्ची पर भी भालू ने हमला कर दिया था।

बताया गया कि बाम्हनडीह निवासी अंजली, पिता पंडा यादव पर भालू ने हमला किया था। भालू ने बच्ची को अपने पंजों में जकड़ लिया था और उसे बुरी तरह खरोंच दिया था। इस हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई थी।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से बाम्हनडीह के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में सक्रिय भालू को पकड़ने तथा लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि सुबह और शाम के समय बाड़ी एवं आसपास के इलाकों में भालू की मौजूदगी का खतरा बना हुआ है। ऐसे में वन विभाग को गश्त बढ़ाने के साथ ग्रामीणों को भी सतर्क रहने की सलाह देनी चाहिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments