बागबाहरा/कोमाखान। महासमुंद जिले के बागबाहरा क्षेत्र में सोमवार सुबह भालू के हमले से एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम बाम्हनडीह की बताई जा रही है। घायल बच्ची को उपचार के लिए बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बाम्हनडीह निवासी अंजली, पिता पंडा यादव सोमवार सुबह करीब 6 बजे अपने घर के दरवाजे के पास खेल रही थी। इसी दौरान अचानक एक भालू वहां पहुंच गया और बच्ची पर हमला कर दिया। भालू ने बच्ची को अपने पंजे में ले लिया और उसे बुरी तरह खरोंच दिया। अचानक हुए हमले से बच्ची चीखने लगी।
बच्ची की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और किसी तरह भालू के चंगुल से बच्ची को छुड़ाया। हमले में बच्ची की जांघ में गंभीर चोटें आई हैं। परिजन तत्काल उसे बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
इलाके में लगातार नजर आ रहे भालू
ग्रामीणों के मुताबिक, बाम्हनडीह और आसपास के क्षेत्र में भालुओं की आवाजाही लंबे समय से बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि भालू पहले भी कई बार बस्ती में घुसकर घरों और सामान को नुकसान पहुंचा चुके हैं। हालांकि, लोगों के अनुसार किसी इंसान पर भालू के हमले की यह पहली गंभीर घटना है।
ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग से सुरक्षा की मांग
मासूम बच्ची पर हुए हमले के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि बस्ती के आसपास लगातार भालुओं की मौजूदगी बनी रहती है, जिससे खासकर सुबह और शाम के समय लोगों में डर बना रहता है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और भालुओं की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।

Recent Comments