महासमुंद/तुमगांव। तुमगांव में दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई सड़क दुर्घटना में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा 2 सितंबर 2026 की दोपहर करीब 2:30 बजे नवजीवन मिशन स्कूल के पास हुआ। दुर्घटना में मृतक के साथ बाइक पर सवार उसका दोस्त भी घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए महासमुंद रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार, तुमगांव निवासी शिव गहरवाल पिता संतोष गहरवाल (28 वर्ष) अपने दोस्त लियाकत अख्तर के साथ लियाकत के बच्चों को लेने मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GU 0429 से नवजीवन मिशन स्कूल जा रहा था। बाइक लियाकत अख्तर चला रहा था, जबकि शिव गहरवाल पीछे बैठा था।
बताया गया कि दोपहर करीब 2:30 बजे नवजीवन मिशन स्कूल के पास पहुंचने के दौरान पीछे से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 QQ 8790 के चालक ने तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर गए।
हादसे में शिव गहरवाल के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि लियाकत अख्तर के सिर, बाएं गाल, बाएं कंधे, कान और घुटने में चोट लगी। सूचना मिलने पर डायल 112 की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) तुमगांव पहुंचाया गया। अस्पताल में ड्यूटी मेडिकल ऑफिसर डॉ. निखिल चंद्राकर ने शिव गहरवाल की जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं लियाकत अख्तर को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए महासमुंद के अस्पताल रेफर किया गया।
अस्पताल की सूचना पर मर्ग कायम
CHC तुमगांव से मिली मेडिको-लीगल सूचना के आधार पर पुलिस ने अकाल एवं आकस्मिक मृत्यु की सूचना दर्ज कर मर्ग जांच शुरू की। अस्पताल की सूचना में शिव गहरवाल को Brought Dead (RTA) यानी सड़क दुर्घटना के बाद मृत अवस्था में अस्पताल लाया जाना दर्ज किया गया था। पुलिस ने शव पंचनामा सहित आवश्यक कार्रवाई की तथा मामले की सूचना एसडीएम महासमुंद को भी भेजी।
जांच में लापरवाही से वाहन चलाना पाया गया
मर्ग जांच के दौरान मौका गवाहों के कथन एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पुलिस ने पाया कि शिव गहरवाल की मौत मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 QQ 8790 के चालक द्वारा तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर पीछे से टक्कर मारने के कारण सिर में आई चोट से हुई।
जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के विरुद्ध धारा 281, 125(ए), 106(1) बीएनएस तथा धारा 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


Recent Comments