बागबाहरा। महासमुंद जिले के बागबाहरा में एक नमकीन दुकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। चोर दुकान के सामने का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और मोटर, सिगरेट, गुटखा, नमकीन सामान सहित नगदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामान की कुल कीमत 17,655 रुपये बताई गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 05, जैन मंदिर के पास निवासी कैलाशचन्द शर्मा मंडी रोड स्थित पब्लिक स्कूल के पास जे.डी. नमकीन भण्डार (सिद्धी विनायक नमकीन) का संचालन करते हैं। उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 10 सितंबर 2026 की सुबह जब वे दुकान पहुंचे तो सामने का ताला टूटा हुआ मिला। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और कई सामान तथा नगदी गायब थी।
मोटर समेत ये सामान हुआ चोरी
शिकायत के अनुसार चोर दुकान से 2 एचपी की कॉम्पटन कंपनी की मोटर, जिसकी कीमत 11,000 रुपये बताई गई है, ले गए। इसके अलावा अलग-अलग ब्रांड की सिगरेट, गुटखा, पान पराग, नमकीन सामग्री और चिल्हर नगदी भी चोरी हुई।
चोरी हुए सामान में गोल्ड फ्लेक सिगरेट के 10 पैकेट, मिंट सिगरेट के 10 पैकेट, ब्लैक फिल्टर के 5 पैकेट, फ्लेग सिगरेट के 5 पैकेट, टोटल सिगरेट के 5 पैकेट, राजश्री गुटखा के 2 पूड़ा, पान पराग का 1 पूड़ा, विगल गुटखा के 2 पूड़ा, गाठिया-सेव-मिक्चर सहित करीब 1,500 रुपये का नमकीन सामान और लगभग 350 रुपये की चिल्हर नगदी शामिल है।
पहले भी हो चुकी है दुकान में चोरी
दुकान संचालक कैलाशचन्द शर्मा ने पुलिस को बताया कि इससे पहले 21 अगस्त 2026 को भी उनकी दुकान में चोरी हुई थी, जिसकी सूचना उन्होंने थाना बागबाहरा में दी थी। अब दूसरी बार दुकान को निशाना बनाए जाने से क्षेत्र के व्यापारियों में भी चिंता बढ़ सकती है।
अज्ञात चोर के खिलाफ FIR दर्ज
शिकायत के आधार पर थाना बागबाहरा में FIR क्रमांक 0182/2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(a) और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। FIR में आरोपी को अज्ञात बताया गया है।
घटना 9 सितंबर की शाम 7:30 बजे से 10 सितंबर की सुबह 5:10 बजे के बीच की बताई गई है। पुलिस अब दुकान और आसपास के क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों तथा अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपी की पहचान करने में जुटी है।


Recent Comments