महासमुंद। ग्राम बेलसोंडा निवासी एक मजदूर निर्माण कार्य के दौरान हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आने तथा कमर के नीचे का हिस्सा सुन्न होने की बात सामने आईWeb Morcha है। मामले में मजदूर की पत्नी दिनेश्वरी साहू की शिकायत पर सिटी कोतवाली महासमुंद पुलिस ने धारा 125(ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की है।
पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, घटना 30 जनवरी 2026 को सुबह करीब 11 बजे ग्राम मुढेना स्थित पत्थर खदान में कार्यालय निर्माण के दौरान हुई। शिकायतकर्ता का कहना है कि वह अपने पति खेमराज साहू तथा करीब 15-20 अन्य मजदूरों के साथ राजमिस्त्री एवं निर्माण कार्य कर रही थी। निर्माण स्थल के ऊपर से हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही थी।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि निर्माण कार्य शुरू होने से पहले मजदूरों ने मकान मालिक एवं ठेकेदार से सुरक्षा व्यवस्था करने तथा विद्युत लाइन बंद कराने की मांग की थी। इसके बावजूद कथित तौर पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए और बिजली लाइन भी बंद नहीं कराई गई।
करंट की चपेट में आने से रीढ़ में गंभीर चोट
शिकायत के मुताबिक, निर्माण कार्य के दौरान खेमराज साहू हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गए। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई तथा रीढ़ की हड्डी में स्पाइनल इंजरी होने की बात आवेदन में कही गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, हादसे के बाद कमर के नीचे का पूरा हिस्सा सुन्न हो गया और वह अपने शरीर के अंगों का सामान्य रूप से संचालन करने में असमर्थ हैं।
करीब 35 लाख रुपये इलाज में खर्च होने का दावा
दिनेश्वरी साहू ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि दुर्घटना के बाद उनके पति का लंबे समय तक अस्पताल में इलाज चला। आवेदन में करीब नौ महीने के उपचार के दौरान लगभग 35 लाख रुपये खर्च होने का दावा किया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि दुर्घटना के बाद संबंधित मालिकों की ओर से इलाज या आर्थिक सहायता के लिए पर्याप्त सहयोग नहीं किया गया।
ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग
आवेदिका ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा उपाय नहीं किए जाने और हाईटेंशन लाइन बंद नहीं कराए जाने को हादसे का कारण बताते हुए संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आवेदन में लगाए गए आरोपों के आधार पर अपराध का घटित होना पाए जाने पर धारा 125(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। मामले में दुर्घटना की परिस्थितियों, निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजाम और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है।


Recent Comments