Homeछत्तीसगढ़पटपरपाली में चोरों का आतंक: महीनेभर में 7 किसानों के खेतों में...

पटपरपाली में चोरों का आतंक: महीनेभर में 7 किसानों के खेतों में चोरी, पुलिस पर FIR दर्ज नहीं करने का आरोप

कोमाखान थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद, बोरवेल पंप, कॉपर वायर और कृषि उपकरणों को बना रहे निशाना; लाखों के नुकसान से किसान परेशान, थाने पहुंचने के बाद भी नहीं मिल रही कार्रवाई की उम्मीद

महासमुंद/कोमाखान। कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पटपरपाली में चोरों ने किसानों की नींद उड़ा दी है। गांव में बीते एक महीने के भीतर चोरी की सात घटनाएं सामने आने की बात कही जा रही है। खेतों में लगे बोरवेल के पंप, कॉपर वायर, मिनी पंप और खेती-किसानी में उपयोग होने वाले कीमती उपकरण लगातार चोरी हो रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि किसानों के मुताबिक, इतनी घटनाओं के बावजूद अब तक एक भी मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

चोरी की घटनाओं से परेशान किसान अपनी शिकायत लेकर थाने तक पहुंच रहे हैं, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं ले रही है। नतीजतन, चोरों के हौसले बुलंद हैं और किसान अपनी ही मेहनत की कमाई से खरीदे गए उपकरणों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

फार्म हाउस से लाखों की चोरी, वरिष्ठ नागरिक को भी लगानी पड़ी थाने की दौड़

हाल ही में किसान मनोज चंद्राकर के फार्म हाउस को चोरों ने निशाना बनाया। यहां से लाखों रुपये के सामान की चोरी होने की बात सामने आई है। मामले को लेकर गांव के वरिष्ठ नागरिक एवं भगवताचार्य पंडित दिलीप त्रिपाठी स्वयं थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बावजूद किसानों का कहना है कि मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

दूसरी बार चोरी का शिकार हुए तेजन साहू

चोरों के हौसले का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि किसान तेजन साहू के खेत में दूसरी बार चोरी की घटना हुई। बीती रात चोर उनके खेत में लगे पंप को भी उखाड़ ले गए। लगातार दूसरी बार नुकसान झेलने के बाद तेजन साहू स्वयं कोमाखान थाने पहुंचे और अपनी पीड़ा पुलिस के सामने रखी। लेकिन उनका आरोप है कि इस बार भी एफआईआर दर्ज नहीं की गई।

इन किसानों के खेतों को भी बनाया निशाना

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, बीते एक महीने में सागर त्रिपाठी, शिव साहू, तेजन साहू, अजय यादव और राजेन्द्र शर्मा सहित कई किसानों के खेतों में चोरी की घटनाएं हुई हैं। चोर खेतों में लगे ट्यूबवेल से कॉपर वायर, पंप, मिनी पंप तथा दवा छिड़काव में इस्तेमाल होने वाली बैटरी समेत अन्य कृषि उपकरण पार कर रहे हैं।

किसानों का कहना है कि इन घटनाओं में उन्हें लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। खेती के लिए जरूरी उपकरण चोरी होने से सिंचाई और कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

आखिर किसके भरोसे रहें किसान?

एक ही पंचायत में लगातार चोरी की घटनाएं होना और शिकायतों के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं होने का आरोप कई गंभीर सवाल खड़े करता है। क्या पुलिस इन घटनाओं को गंभीरता से नहीं ले रही है? क्या चोरों तक पहुंचने के लिए कोई ठोस जांच की जा रही है? जब किसान अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंच रहे हैं, तो उनकी शिकायतों पर कानूनी कार्रवाई क्यों नहीं हो रही?

ग्रामीणों की मांग है कि पुलिस सभी चोरी की घटनाओं की शिकायत दर्ज कर निष्पक्ष जांच करे, खेतों में चोरी करने वाले गिरोह का पता लगाए और चोरी गए कृषि उपकरणों की बरामदगी के लिए तत्काल कार्रवाई करे।

अब सवाल यह है कि किसानों की मेहनत की कमाई पर लगातार हाथ साफ कर रहे चोरों पर पुलिस कब शिकंजा कसेगी? या फिर पटपरपाली के किसानों को अपनी सुरक्षा खुद ही करनी पड़ेगी?

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments