महासमुंद में डीजे डांस प्रतियोगिता के दौरान खूनी संघर्ष, चाकूबाजी में युवक की मौत, तीन घायल
खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम कोल्दा में दो पक्षों के बीच हुआ विवाद; पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ
महासमुंद। जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम कोल्दा में आयोजित डीजे डांस प्रतियोगिता के दौरान दो पक्षों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। चाकूबाजी की इस घटना में एक 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कोल्दा में बीती रात डीजे डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इसी दौरान दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और चाकूबाजी शुरू हो गई।

इस घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान डिनिल दीवान (22 वर्ष), निवासी ग्राम कोमा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि डिलेश अपने साथियों और संबंधियों के साथ ग्राम कोल्दा में आयोजित डीजे डांस प्रतियोगिता देखने पहुंचा था। हमले में डिलेश की मौत हो गई, जबकि मनिष, मयु और सोमनाथ दीवान घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए महासमुंद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही खल्लारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद चाकूबाजी होने की बात सामने आई है।
फिलहाल पुलिस घटना के वास्तविक कारणों और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम कोल्दा में दो पक्षों के बीच हुआ विवाद; पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ


Recent Comments