पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू ने नारियल फोड़कर किया खरीदी का शुभारंभ, किसानों का तिलक-वंदन कर किया स्वागत
पटपरपाली (कोमाखान), 15 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी का महाअभियान 15 नवंबर से शुरू हो गया है। प्रदेश में धान खरीदी की यह प्रक्रिया 15 जनवरी 2027 तक चलेगी। सरकार ने इस वर्ष करीब 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया है। प्रदेश के 27.50 लाख से अधिक पंजीकृत किसान अपनी उपज बेच सकेंगे। किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी।
इसके अलावा किसानों को कृषक उन्नति योजना का अतिरिक्त लाभ भी दिया जाएगा। दोनों योजनाओं को मिलाकर किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल तक का भुगतान मिलेगा। इससे प्रदेश के लाखों अन्नदाताओं की आय में सीधा इजाफा होने की उम्मीद है।
इसी तारतम्य में कोमाखान शाखा के अंतर्गत प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित पटपरपाली में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महासमुंद लोकसभा के पूर्व सांसद श्री चुन्नीलाल साहू उपस्थित रहे। वहीं किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री पिलेश्वर पटेल, बागबाहरा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष श्री रूपेश साहू तथा कोमाखान मंडल अध्यक्ष श्री नितिन जैन विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित पटपरपाली के अध्यक्ष श्री कमलेश कुमार टाण्डेय ने की। इस अवसर पर समिति के प्रबंधक एवं प्रभारी श्री गुमान साहू सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

नारियल फोड़कर और तिलक-वंदन कर शुरू हुई खरीदी
धान खरीदी के शुभारंभ अवसर पर अतिथियों ने नारियल फोड़कर विधिवत खरीदी की शुरुआत की। इस दौरान किसानों का तिलक-वंदन कर स्वागत किया गया। पहले ही दिन किसान उत्साह के साथ अपनी उपज लेकर खरीदी केंद्र पहुंचे।
किसानों के हित में लगातार काम कर रही सरकार : चुन्नीलाल साहू
पूर्व सांसद एवं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री चुन्नीलाल साहू ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। प्रति एकड़ सहायता राशि के रूप में राज्य सरकार द्वारा 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि दिए जाने का निर्णय सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि धान खरीदी केंद्र में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। समय पर तौल, समय पर भुगतान और पारदर्शी व्यवस्था हमारी प्राथमिकता है।
किसान मोर्चा हर समय किसानों के साथ : पिलेश्वर पटेल
किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री पिलेश्वर पटेल ने कहा कि किसान ही हमारी ताकत हैं। किसान मोर्चा हर समय किसानों के साथ खड़ा है। खरीदी केंद्र में यदि किसी किसान को कोई समस्या आती है तो वह सीधे हमसे संपर्क करे। समस्या का तत्काल समाधान कराया जाएगा।

समिति ने की अच्छी व्यवस्था : रूपेश साहू
बागबाहरा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष श्री रूपेश साहू ने कहा कि बागबाहरा ग्रामीण मंडल के किसानों के लिए यह केंद्र बहुत महत्वपूर्ण है। समिति द्वारा बहुत अच्छी व्यवस्था की गई है। इसके लिए समिति अध्यक्ष और पूरी टीम बधाई की पात्र है।
बिचौलियों से दूर रहें, सीधे केंद्र में लाएं धान : नितिन जैन
कोमाखान मंडल अध्यक्ष श्री नितिन जैन ने कहा कि पटपरपाली समिति में धान खरीदी सुचारू रूप से संचालित हो, इसके लिए सभी कार्यकर्ता किसान भाइयों के साथ खड़े हैं। किसान बिना किसी बिचौलिए के सीधे खरीदी केंद्र में अपना धान लेकर आएं।
एक भी किसान को परेशानी न हो, यही समिति का संकल्प : कमलेश टाण्डेय
प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित पटपरपाली के अध्यक्ष श्री कमलेश कुमार टाण्डेय ने अतिथियों एवं किसानों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हमारी समिति का संकल्प है कि एक भी किसान को धान खरीदी के दौरान परेशानी न हो। इसके लिए तौल कांटा, बारदाना, पेयजल और छाया सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि सभी किसान टोकन के अनुसार निर्धारित समय पर अपना धान लेकर आएं।
ये रहे उपस्थित
शुभारंभ कार्यक्रम में समिति प्रबंधक श्री गुमान साहू, सुरेन्द्र साहू, विक्रेता दुष्यंत साहू, बालेश्वर टाण्डेय, निमेष चक्रधारी, युगल चक्रधारी सहित समिति कर्मचारी एवं किसान उपस्थित रहे। इसके अलावा वरिष्ठ भाजपा नेता लक्ष्मण साहू, सुरीत साहू, विश्वा साहू, दिलीप शर्मा, शिवनिकला सरपंच प्रतिनिधि मूलचंद साहू, वरिष्ठ ज्ञान प्रमुख भुवन साहू, प्रेषण साहू, भीमा साहू, दयानंद साहू, सागर त्रिपाठी, मनोज चंद्राकर, पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा, चेतन साहू, पंकज साहू, प्यारेलाल साहू, भोलाराम यादव, सुंदर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं किसान बंधु मौजूद रहे।


Recent Comments