मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिला न्यायालय में पेशी के दौरान एक आरोपी ने जमकर हंगामा किया। ट्रक चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी ने न्यायालय में नाम पूछे जाने पर अभद्रता की और कटघरे से कूदकर पीठासीन अधिकारी के सामने पहुंच गया। इतना ही नहीं, उसने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) को जान से मारने की धमकी दी और न्यायालय में लगे कांच के फ्रेम को तोड़ने का प्रयास किया। मामले में CJM की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
नाम पूछने पर करने लगा अभद्रता
मिली जानकारी के अनुसार, सरगांव थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 189/2026 के तहत ट्रक चोरी के आरोप में गिरफ्तार भगतराम राजपूत (25 वर्ष) को 16 नवंबर 2026 को शाम करीब 4:30 बजे रिमांड के लिए मुंगेली जिला न्यायालय में पेश किया गया था। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज है।
पुलिसकर्मी जब आरोपी को न्यायालय के कटघरे में खड़ा करने ले जा रहे थे, तभी उसने अपना नाम बताने से इनकार कर दिया और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा।
‘तू मेरे को जेल भेजेगा बे…’ कहकर दी धमकी
शिकायत के मुताबिक, आरोपी भगतराम राजपूत ने पीठासीन अधिकारी की ओर उंगली दिखाते हुए कहा, ‘तू मेरे को जेल भेजेगा बे।’ इसके बाद वह अचानक कटघरे से कूदकर डायस की ओर पहुंच गया और वहां लगे कांच के फ्रेम को जोर-जोर से तोड़ने का प्रयास करने लगा।
इस दौरान आरोपी ने पीठासीन अधिकारी और न्यायालयीन कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। घटना से न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया।
CJM ने थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत
घटना को गंभीरता से लेते हुए मुंगेली के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) शत्रुघन कुमार बेलदार ने स्वयं थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोपी के व्यवहार को न्यायालय की गरिमा के विरुद्ध और गंभीर आपराधिक कृत्य बताया गया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी भगतराम राजपूत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वेबमोर्चा | कल की बात आज
#Mungeli #ChhattisgarhNews #CrimeNews #WebMorcha


Recent Comments