Homeछत्तीसगढ़कोमाखान में बिना वैध पंजीयन चल रहा आंचल नर्सिंग होम सील, स्वास्थ्य...

कोमाखान में बिना वैध पंजीयन चल रहा आंचल नर्सिंग होम सील, स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई

8 महीने से OPD और 4 महीने से मरीजों को भर्ती कर किया जा रहा था इलाज, निरीक्षण के दौरान न डॉक्टर मिले और न प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ

महासमुंद/कोमाखान। महासमुंद जिले में बिना वैध लाइसेंस और पंजीयन के संचालित निजी अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में कोमाखान स्थित आंचल नर्सिंग होम को नियमों का उल्लंघन कर अस्पताल संचालित करने के मामले में सील कर दिया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) महासमुंद के निर्देश पर नर्सिंग होम एक्ट निरीक्षण दल ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

अस्पताल में मरीज भर्ती, लेकिन डॉक्टर और प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ नदारद

निरीक्षण के दौरान जांच दल को अस्पताल में एक मरीज सिजेरियन ऑपरेशन (LSCS) के बाद भर्ती मिला, जबकि एक अन्य मरीज की नसबंदी (Tubectomy) की गई थी। सबसे गंभीर बात यह सामने आई कि निरीक्षण के समय अस्पताल में न तो कोई योग्य चिकित्सक मौजूद था और न ही प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ तैनात था।

8 महीने से बिना वैध दस्तावेज OPD, 4 महीने से भर्ती कर हो रहा था इलाज

जांच के दौरान जब अस्पताल प्रबंधन से संचालन संबंधी पंजीयन और लाइसेंस के दस्तावेज मांगे गए तो कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

जांच दल के समक्ष दिए गए बयान में अस्पताल प्रबंधन ने स्वीकार किया कि पिछले 8 महीने से बिना वैध दस्तावेज के OPD संचालित की जा रही थी। वहीं पिछले 4 महीने से मरीजों को भर्ती कर उनका उपचार और ऑपरेशन भी किया जा रहा था।

नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं, स्वास्थ्य विभाग ने की सीलबंदी

निरीक्षण के बाद जांच दल ने अपनी रिपोर्ट मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सौंपी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमएचओ ने अस्पताल संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा था।

लेकिन अस्पताल संचालक की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया और न ही अस्पताल संचालन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत किए गए। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कोमाखान स्थित आंचल नर्सिंग होम को विधिवत सील कर दिया।

बिना पंजीयन अस्पताल संचालन पर विभाग सख्त

स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बिना पंजीयन और निर्धारित नियमों के विपरीत संचालित निजी अस्पतालों में हड़कंप मच गया है। विभाग की कार्रवाई ने निजी चिकित्सा संस्थानों के पंजीयन, चिकित्सकों की उपलब्धता और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति जैसे महत्वपूर्ण सवालों को भी सामने ला दिया है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से की गई यह कार्रवाई मरीजों की सुरक्षा और चिकित्सा सेवाओं में निर्धारित मानकों के पालन की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

वेबमोर्चा | कल की बात आज

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments