Homeमेरा गांव मेरा शहरमहासमुंद भाजपा जिला उपाध्यक्ष राधेश्याम साहू से मारपीट और लाखों की वसूली...

महासमुंद भाजपा जिला उपाध्यक्ष राधेश्याम साहू से मारपीट और लाखों की वसूली का आरोप, कॉलर पकड़कर जमीन पर पटका, दोनों कानों से निकला खून; खेदूराम साहू के खिलाफ FIR

महासमुंद। महासमुंद में लंदन मैरिज पैलेस के संचालक एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष राधेश्याम साहू ने खेदूराम साहू पर फिरौती के नाम पर लाखों रुपये वसूलने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, 16 मई 2025 को आरोपी मैरिज पैलेस के गेट के अंदर घुसा और राधेश्याम साहू का कॉलर पकड़कर उन्हें जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे उनके दोनों कानों में चोट लगी और खून निकलने लगा। आरोप है कि इसी दौरान उनकी जेब से 10 हजार रुपये भी निकाल लिए गए। शिकायतकर्ता ने बताया है कि उनकी पत्नी पूर्व जिला पंचायत प्रतिनिधि हैं और वे स्वयं महासमुंद जिला भाजपा के उपाध्यक्ष हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी खेदूराम साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

मैरिज पैलेस के संचालन को लेकर विवाद का आरोप

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, राधेश्याम साहू (57 वर्ष), पिता स्वर्गीय सरहाराम साहू, निवासी वार्ड नंबर-3 गुलशन चौक महासमुंद का वार्ड नंबर-4 नयापारा में लंदन मैरिज पैलेस नाम से भवन है। इसका निर्माण वर्ष 2024 में कराया गया था। यहां शादी-विवाह और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के लिए भवन किराये पर दिया जाता है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि मैरिज पैलेस से लगे मकान में रहने वाला खेदूराम साहू भवन के संचालन में लगातार व्यवधान उत्पन्न करता था। वह मैरिज पैलेस चलाने के एवज में पैसों की मांग करता था। आरोप है कि आरोपी के डर और विवाद से बचने के लिए राधेश्याम साहू ने पहले भी दो बार में फिरौती के रूप में कुल 2 लाख रुपये दिए थे।

गेट के अंदर घुसकर की गाली-गलौज और मारपीट

राधेश्याम साहू ने शिकायत में बताया कि 16 मई 2025 को खेदूराम साहू मैरिज पैलेस के गेट के अंदर प्रवेश कर गया। वहां उसने मां-बहन की अश्लील गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि आरोपी ने उनका कॉलर पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और हाथ-मुक्कों से हमला किया। इस दौरान उनके दोनों कानों में चोट लगी और खून निकलने लगा।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने उनकी जेब में रखे 10 हजार रुपये भी निकाल लिए। इसके बाद कथित रूप से धमकी देते हुए कहा कि मैरिज पैलेस चलाना है तो 2 लाख रुपये देने होंगे, अन्यथा पैलेस नहीं चलने देगा।

प्रार्थी ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने उनकी मोटरसाइकिल को गिराकर क्षतिग्रस्त कर दिया। उनके चिल्लाने पर चौकीदार सहित घोधीबाई, छोटू सवानी, दीपिका और सुमित्रा सोनवानी ने बीच-बचाव किया। शिकायत में कहा गया है कि इन लोगों के सामने भी आरोपी ने पुलिस में रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी दी।

चेक से 1 लाख 25 हजार रुपये देने का आरोप

शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी के डर के कारण उन्होंने तत्काल पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। अगले दिन 17 मई को उन्होंने 6-7 लोगों को बुलाया और उनकी मौजूदगी में चेक क्रमांक 451818 के माध्यम से खेदूराम साहू को 1 लाख 25 हजार रुपये दिए।

शिकायत में बताया गया है कि उस दौरान मौजूद लोगों ने आरोपी को भविष्य में धमकी नहीं देने और किसी प्रकार की पैसों की मांग नहीं करने की समझाइश दी थी। इसके बावजूद आरोपी के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया।

शादी समारोहों में भी व्यवधान उत्पन्न करने का आरोप

राधेश्याम साहू ने अपनी शिकायत में वर्ष 2026 की कुछ अन्य घटनाओं का भी उल्लेख किया है। उनके अनुसार, जगदीश लाल साहू के घर की शादी का कार्यक्रम मैरिज पैलेस में बुक होने पर भी आरोपी ने पैसों की मांग की। रकम नहीं देने पर कथित रूप से पत्थरबाजी की गई।

इसी तरह 21 अप्रैल 2026 को खिलेश साहू के घर का विवाह कार्यक्रम मैरिज पैलेस में आयोजित था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उस दौरान भी आरोपी ने पैसे मांगे और मना करने पर विवाह में आए लोगों के साथ विवाद किया तथा वाहनों को नुकसान पहुंचाया।

इसके अलावा 30 अप्रैल 2026 को हेमलाल साहू के परिवार द्वारा शादी के लिए मैरिज पैलेस बुक किए जाने पर भी पैसों की मांग करने और रकम नहीं मिलने पर कर्मचारियों के साथ विवाद करने का आरोप लगाया गया है।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष ने सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की शिकायत भी की

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया है कि उनकी पत्नी पूर्व जिला पंचायत प्रतिनिधि हैं और वे स्वयं महासमुंद जिला भाजपा के उपाध्यक्ष हैं। उनका आरोप है कि खेदूराम साहू द्वारा उनके परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा खराब करने के लिए अपमानजनक बातें कही जा रही हैं।

उन्होंने शिकायत में आरोपी के पूर्व आपराधिक प्रकरणों का भी उल्लेख करते हुए अपनी सुरक्षा को लेकर आशंका जताई है। राधेश्याम साहू ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।

BNS की धाराओं में अपराध दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच

प्रार्थी राधेश्याम साहू के लिखित आवेदन के आधार पर महासमुंद पुलिस ने आरोपी खेदूराम साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(2) और 308 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।

फिलहाल मामले में शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस विवेचना के बाद ही पूरे घटनाक्रम और आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

वेबमोर्चा | कल की बात आज

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments