Homeछत्तीसगढ़भालुओं का हमला: जंगल में फुटू बीनने गए तीन ग्रामीण घायल, दो...

भालुओं का हमला: जंगल में फुटू बीनने गए तीन ग्रामीण घायल, दो की हालत गंभीर

महासमुंद/पिथौरा। समीपस्थ बलौदाबाजार जिले के देवपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम धमनपुरा में जंगल में फुटू (मशरूम) एकत्र करने गए ग्रामीणों पर भालुओं ने हमला कर दिया। घटना में तीन ग्रामीण घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद महासमुंद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, धमनपुरा निवासी ग्रामीण जंगल में फुटू एकत्र करने गए थे। इसी दौरान कक्ष क्रमांक 242 में उनका सामना भालुओं से हो गया। भालुओं के हमले में हेमसागर बरिहा (65 वर्ष) और रूपेश (35 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुए। वहीं मायाराम (45 वर्ष) को भी चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलने के बाद 112 एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद मायाराम को छुट्टी दे दी गई, जबकि हेमसागर बरिहा और रूपेश की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल महासमुंद रेफर किया गया।

वन विभाग ने दी तात्कालिक सहायता

घटना के बाद वन विभाग की टीम ने घायलों की मदद करते हुए प्रत्येक घायल को दो-दो हजार रुपये की तात्कालिक सहायता प्रदान की। देवपुर वन परिक्षेत्र के रेंजर संतोष पैकरा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कक्ष क्रमांक 242 में भालू के हमले की जानकारी मिली है। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है तथा नियमानुसार राहत एवं सहायता की प्रक्रिया की जा रही है।

जंगल में भालुओं की मौजूदगी के बीच ग्रामीणों के फुटू और अन्य वन उपज एकत्र करने जाने से मानव-वन्यजीव संघर्ष का खतरा बढ़ गया है। वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को जंगल में सावधानी बरतने और अकेले जंगल नहीं जाने की सलाह दी जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments