कोमाखान। महासमुंद जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब कोमाखान–चौखड़ी मार्ग के पास जंगल की झाड़ियों में एक जली हुई लावारिस पिकअप और उससे कुछ ही दूरी पर करीब 50 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। वाहन और शव के आसपास की परिस्थितियों को देखते हुए मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जंगल में बुरी तरह जली मिली पिकअप
जानकारी के अनुसार, चौखड़ी के समीप घने जंगल और झाड़ियों के बीच अशोक लीलैंड कंपनी की पिकअप क्रमांक CG 04 PM 7800 जली हुई हालत में मिली। आग से वाहन का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। वाहन का एक दरवाजा खुला हुआ बताया जा रहा है।

पिकअप से कुछ ही दूरी पर मिला शव
ग्रामीणों की नजर जब जली हुई पिकअप पर पड़ी तो आसपास तलाश करने पर उससे चंद कदम की दूरी पर झाड़ियों के बीच करीब 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव दिखाई दिया। शव मिलने की सूचना तत्काल कोमाखान थाना पुलिस को दी गई।
घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
हत्या, हादसा या कोई और वजह?
एक ही स्थान पर जली हुई पिकअप और अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है। मौत किन परिस्थितियों में हुई और वाहन में आग कैसे लगी, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। वाहन के नंबर के आधार पर उसके मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होने की संभावना है।
थाना प्रभारी ने कहा—जांच जारी है
कोमाखान थाना प्रभारी मुकेश सोरी ने बताया कि पुलिस को करीब डेढ़ घंटे पहले घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि एक जला हुआ पिकअप वाहन और कुछ दूरी पर एक व्यक्ति का शव मिला है। मामले की जांच की जा रही है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि जंगल में पिकअप कैसे जली और उसके पास व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।


Recent Comments